
दैनिक खोज खबर/जलालपुर (सारण)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के बैनर तले गुरुवार को जलालपुर स्थित पार्टी कार्यालय में महान क्रांतिकारी एवं अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाकपा नेता नागेंद्र राय ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का जन्म 23 जुलाई 1906 को हुआ था। वे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारियों में अग्रणी थे और अपने साथियों के बीच “पंडित जी” के नाम से भी प्रसिद्ध थे। उन्होंने कहा कि आजाद ने संकल्प लिया था कि वे कभी भी अंग्रेजों के हाथ जीवित नहीं पकड़े जाएंगे। 27 फरवरी 1931 को इलाहाबाद के अल्फ्रेड पार्क (वर्तमान चंद्रशेखर आजाद पार्क) में अंग्रेजी पुलिस से घिर जाने पर उन्होंने अपने संकल्प को निभाते हुए अंतिम गोली स्वयं पर चलाकर मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। नागेंद्र राय ने कहा कि देश की आजादी में चंद्रशेखर आजाद का योगदान सदैव स्वर्णाक्षरों में याद किया जाएगा और उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर पूर्व मुखिया राजेश राय, पप्पू कुशवाहा, दीपक दास, सुरेश यादव, अच्छेलाल मांझी सहित बड़ी संख्या में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे।




Recent Comments