पानापुर (सारण ) थाना क्षेत्र के रसौली गांव में पुलिस ने छापेमारी कर आज से करीब छह माह पूर्व एक बुजुर्ग की हुई हत्या मामले में नामजद तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अभियुक्त मनिरका साह एवं उनके दो पुत्र सुभाष साह एवं विक्की साह बताये जाते हैं. मालूम हो कि गत वर्ष 2 दिसंबर की रात आरोपितों ने पूर्व के विवाद को लेकर दारोगा साह एवं उनके परिजनों पर लाठी डंडो, रड एवं चाकू से हमला कर दिया था. इस हमले में 60 वर्षीय दारोगा साह गंभीररूप से घायल हो गये थे. परिजन उन्हें इलाज के लिए सीएचसी पानापुर ले गये जहां चिकित्सको ने प्राथमिक उपचार के बाद छपरा रेफर कर दिया था. परिवार में पुरुष सदस्य नहीं होने के कारण उनका इलाज ग्रामीण चिकित्सकों की देखरेख में चल रहा था. इस बीच 8 दिसंबर कों दारोगा साह की मौत हो गयी. इस मामले में मृतक की पत्नी देवकली देवी ने पानापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी जिसमें तीनों कों आरोपित किया था. थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपितों कों जेल भेजा जा रहा हैं.