सारण/मशरक – छपरा-थावे रेलखंड स्थित मशरक जंक्शन पर बीती रात एक वृद्ध महिला का शव रेल पुलिस के द्वारा गश्ती के दौरान बरामद किया गया। शव रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में पाया गया। शव मिलते ही रेल पुलिस ने महिला की पहचान करने की कोशिश की लेकिन पहचान नही होता देख स्थानीय थाना पुलिस के साइबर सेनानी ग्रुप में उसका फोटो शेयर किया गया। जिसके माध्यम से महिला की पहचान डुमरसन पंचायत के पूर्व मुखिया बच्चा लाल साह के द्वारा की गई। इस घटना की सूचना पर पूर्व मुखिया परिजनों के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे और परिजनों की मौजूदगी में शव की शिनाख्त किया गया। मृत वृद्ध महिला की पहचान मशरक थाना क्षेत्र के डुमरसन गांव निवासी विश्वनाथ साह की 85 वर्षीय पत्नी प्रभावती देवी के रूप में हुई। मौके पर पर परिजनों ने बताया कि वृद्ध महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी और थोड़ी विकलांग भी थी। वह भटक कर मशरक चली गयी थी. जिसकी खोजबीन की जा रही थी। तभी उसकी मौत की खबर पहुंच गई. मौके पर रेल पुलिस अधिकारियों ने कागजी कार्रवाई करते हुए शव को परिजन नागेन्द्र प्रसाद के हवाले कर दिया।