संजय विजित्वर( हाजीपुर ) – ऐतिहासिक गांधी स्मारक पुस्तकालय के सचिव भोला नाथ ठाकुर की अध्यक्षता में आज उषा वर्मा -धूपेंद्र प्रसाद की चतुर्थ स्मृति दिवस श्रद्धा पूर्वक मनाई गई । इस अवसर पर शहर के कई बुद्धिजीवी उपस्थित होकर अपने -अपने उद्गार व्यक्त किए । सर्वप्रथम संचालन के क्रम में संजय विजित्वर ने स्वर्गीय धूपेन्द्र प्रसाद तथा स्वर्गीय उषा वर्मा के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से बतलाया।अपने संबोधन के क्रम में डॉ विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि स्वर्गीय धूपेंद्र प्रसाद बड़े ही सरल, मितभाषी और नेक दिल इंसान थे। सरलता उनके व्यक्तित्व की निशानी थी । आरसीएम परिवार के लीडर अनन्त कुमार ने कहा कि माता-पिता की सेवा और सम्मान हर युवा को करना चाहिए, क्योंकि यह भारतीय परंपरा के संस्कार हैं। शिक्षक सत्येश्वर कुमार ने कहा कि आज काल की शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने के लिए और उत्तीर्ण होने के लिए देखी जा जा रही है, किंतु अभिभावक को यह भी ध्यान देने की जरूरत है कि उनके बच्चों की शिक्षा दीक्षा में संस्कार, नैतिकता इत्यादि का ज्ञानबोध है कि नहीं? अपने पूर्वजों को याद करना गर्व की बात है। कुमार हरि भूषण कुमार ने बताया कि स्वर्गीय उषा वर्मा को सामाजिक नेत्री की भूमिका में देखने को मिला। काफी सक्रिय रहा करती थी। अधिवक्ता गंगोत्री प्रसाद सिंह ने बताया कि बुजुर्गों को याद करना और उनका स्मृति दिवस मनाना बहुत ही पुनीत कार्य है । एल आई सी के पूर्व सहायक मंडल प्रबंधक डॉ विजय कुमार ने निकट पड़ोसी होने और बचपन की बातों को याद करते हुए बतलाया कि स्वर्गीय धूपेंद्र प्रसाद तथा स्वर्गीय उषा वर्मा कुशल व्यवहार के धनी थे। सरलता इनके व्यक्तित्व में कूट-कूट कर भरी थी। स्वर्गीय उषा वर्मा सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थी और आत्मीयता का बोध कराती थी। पूर्व सैनिक सुमन कुमार ने कहा कि माता पिता की सेवा और उनके प्रति आदर दिखाना अच्छी बात है और प्रेरक है।युवा पत्रकार प्रकाश कुमार ने कहा कि बुजुर्गो का सम्मान हम सभी को करना चाहिए और इस तरह के कार्यक्रम से काफी प्रेरणा मिलती है। अपने अध्यक्षीय संबोधन में भोला नाथ ठाकुर ने कहा कि स्वर्गीय धूपेंद्र प्रसाद तथा स्वर्गीय उषा वर्मा हमेशा खुश दिल इंसान की तरह थे । कभी भी उनके चेहरे पर दुख और गम के भाव दिखाई नहीं पड़े। स्वर्गीय उषा वर्मा मैथिली और बज्जिका में सुमधुर गीत भी गायन करती थी। इनके अतिरिक्त प्रगति कुमार ,हिमांशु कुमार,अनिल लोदीपुरी सहित कई लोग उपस्थित थे।