मांझी। विवाहिता पुत्री को सूरत में उसके पति के पास छोड़ कर घर लौट रहे पिता छपरा से गायब हो जाने के बाद परेशान परिजनों ने भगवान बाजार थाना में आवेदन देकर उन्हें सुरक्षित ढूंढ निकालने की गुहार लगाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा बिन टोलिया निवासी 50 वर्षीय कृष्ण प्रसाद बिन विगत 16 दिसंबर को अपनी बेटी आरती को दामाद के पास सूरत ( गुजरात) गये थे। उधर से वापसी के लिए 7 जनवरी को ताप्ती गंगा एक्प्रेस ट्रेन से रवाना हुए। 8 जनवरी की शाम छपरा जंक्शन पर उतरने के बाद ऑटो पकड़ते हुए बेटे को फोन किया कि किसी को मोटरसाइकिल लेकर दाउदपुर भेजो। परिजन शुक्रवार की देर शाम करीब 10 बजे तक बाजार पर कृष्णा के आने का इंतजार करते रहे। फोन पर सम्पर्क किया तो बंद बताने लगा। उसके बाद किसी अनहोनी की आशंका से परेशान होकर परिजनों ने भगवान बाजार थाना में ने सनहा दिया है। कृष्णा बिन का अभी तक कोई सुराग नही मिला है। वही पत्नी व बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।