• शाहनवाज ने की रुडी के कार्यशैली की प्रशंसा, कहा अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए अनुकरणीय

छपरा । गरखा बाजार में शनिवार को भाजपा की जन संवाद वर्चुअल रैली में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन व राष्ट्रीय प्रवक्ता सह सांसद राजीव प्रताप रुडी ने शिरकत किया। रैली में भाजपा के जिलाध्यक्ष रामदयाल शर्मा, गरखा से भाजपा के पूर्व विधायक ज्ञानचंद मांझी, जिला महामंत्री शांतनु कुमार, मंडल अध्यक्ष श्याम सुंदर प्रसाद समेत जिला भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। जन संवाद के दौरान सांसद रुडी ने गरखा बाईपास के निर्माण, गरखा बाजार में सड़क के साथ-साथ नाला निर्माण की बात करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियाँ बताई। शाहनवाज हुसैन ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के प्रथम वर्ष की उपलब्धियों को बताते हुए हालिया घटनाओं का भी जिक्र किया और नरेंद्र मोदी के लेह दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि यह दुनिया को पता चल गया कि यह 2020 का भारत है और चुप बैठने वाला नहीं है, यदि कोई छेड़ता है तो छोड़ने वाला नहीं है।
सांसद रुडी ने अपना संबोधन की शुरूआत चुनाव प्रचार के बदलते स्वरूप से शुरू करते हुए नुक्कड़ सभा से वर्चुअल रैली तक का जिक्र किया। उन्होंने अपने संबोधन में सारण के समेकित विकास की योजनाओं को बताते हुए गैस पाइपलाइन, ड्रेनेज सिस्टम, बिजली और ग्रामीण सड़कों की जानकारी दी। रुडी ने मोदी सरकार के पिछले पांच वर्षों के संदर्भ में कहा कि हम उसकी चर्चा नहीं करेंगे क्योंकि उन्हीं पांच वर्षों के काम को देखकर जनता ने हमें 282 की संख्या से 317 की बड़ी संख्या तक पहुंचाया है। उन्होंने मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के प्रथम वर्ष की चर्चा करते हुए कहा कि जिन मुद्दों को 70 साल में किसी सरकार ने छुने तक की हिम्मत नहीं की उसे बड़ी ही कुशलता से हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने हल कर दिया। हर असंभव से दिखने वाले कार्य को उन्होंने संभव बनाया यह है हमारी उपलब्धि। रुडी ने आगे कहा कि अनुच्छेद 370, नागरिकता (संशोधन) अधिनियम, राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करना, तीन तलाक, करतारपुर गलियारा, ब्रू रियांग समझौता, बोडो समझौता आदि कई ऐसे मुद्दे है जो श्री नरेंद्र मोदी जी ने साधारण लहजे में हल कर दिया। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि विकास के मामले में राज्य में सारण क्षेत्र का भविष्य उज्ज्वल है। सारण एक ऐसा क्षेत्र है जहां से राज्य में दो-दो मुख्यमंत्री रहे फिर भी सारण के दियारा क्षेत्र के लोग बिजली से महरूम थे। आज वहीं दियारा क्षेत्र विकास के प्रकाश से जगमग है। क्षेत्र में आजादी के बाद पहली बार बिजली पहुंची। सांसद रुडी ने कहा कि कोरोना काल में प्रबंधन और विकास जितने काम भारत सरकार ने किया उतना बेहतर संसार के किसी भी देश ने कोरोना काल में प्रबंधन और विकास का काम नहीं किया। यह सर्वविदित है और देखने वाली बात है, जिसे सभी लोग देख रहे है। बता दें कि बिहार में आने वाले विधान सभा चुनाव के मद्देनजर चुनावी गतिविधि बिहार में तेज हो गई है। इस संदर्भ में संगठन की मजबूती तथा कार्यकर्ताओं के मनोबल को बनाये रखने और उनको चुनावी जिम्मेदारी के साथ देश हित में काम करने की सलाह दी गई। उसके लिए सांसद श्री रुडी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों के कार्यकर्ताओं को अवगत कराते हुए कहा कि इसका जन-जन के बीच प्रचार होना जरूरी है ताकि वे जान सके कि उनकी ये सरकार उनके लिए क्या-क्या कार्य कर रही है।
सांसद ने कहा कि राज्य में अब सड़कों के साथ यातायात का विकास हो गया है। अब आवश्यकता है कि राज्य के जिलों में फैक्टरियों से धुआं निकले, और हमारे युवाओं को अपने राज्य में ही रोजगार मिले। इस दिशा में सरकार ने प्रयास शुरू भी कर दिया है। उन्होंने प्रवासी श्रमिकों के संदर्भ में बताया कि अभी दो से तीन दिन पूर्व ही प्रधानमंत्री ने 50 हजार करोड़ की प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार अभियान योजना की शुरूआत की है। जिन राज्यों में अधिक से अधिक प्रवासी कामगार है और दूसरे राज्यों में जाकर काम करते है। उनके लिए यह योजना है। सांसद ने कहा कि उनके परिश्रम से दूसरे राज्य यदि चमक रहे है इसलिए उनके हुनर को उन्हीं के गांव में उन्हीं के जिले में और उनके राज्य के विकास में काम लिया जाय।




Recent Comments