नगरा(सारण)। बुधवार को प्रखंड क्षेत्र के खैरा भट्ठी के समीप बुधवार की अहले सुबह सुधा इंटरप्राईजेज दुकान में अचानक आग लगने से अफरा- तफरी मच गई.बताया जाता है कि बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया,जिससे दुकान में रखे लाखों रुपये मूल्य के सामान जलकर राख हो गए. दुकानदार संजीव कुमार द्वारा दिए गए लिखित आवेदन में बताया गया है कि आगलगी की इस घटना में करीब 57 लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई है.आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया.बाद में तीन अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों और अग्निशमन कर्मियों के काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका.हालांकि तब तक दुकान में रखे आटा, चावल, रिफाइन, चीनी, किराना सामग्री एवं अन्य सामान पूरी तरह जल चुके थे.घटना की सूचना पर नगरा अंचलाधिकारी अभिषेक कुमार,खैरा थानाध्यक्ष अखिलेश पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.इस दौरान पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अनिल सिंह,मिथलेश राय,पूर्व मुखिया प्रतिनिधि शत्रुध्न भक्त,समाजसेवी परमानंद यादव,प्रभाकर कुमार,पूर्व बीडीसी दिलीप कुमार सहित अन्य समाजसेवी मौजूद थे.