-पीएचसी में आयोजित साप्ताहिक बैठक में वैक्सीनेशन सहित आगामी स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर हुई चर्चा
-कालाजार व मलेरिया के मरीजों की खोज के लिये 15 जनवरी से संचालित होगा विशेष अभियान

अररिया, 12 जनवरी|
कोविड वैक्सीनेशन की सफलता सहित आगामी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सफल संचालन को लेकर मंगलवार को जिले के सभी पीएचसी में विशेष बैठक आयोजित की गयी| इसमें आगामी 16 जनवरी से जिले में शुरू होने वाले कोविड वैक्सीनेशन के सफल संचालन पर विस्तृत चर्चा की गयी| साथ ही 14 जनवरी से शुरू हो रहे विशेष परिवार नियोजन पखवाड़ा सहित 15 से 22 जनवरी तक कालाजार व मलेरिया मरीजों की घर-घर खोज अभियान के सफल संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी| इसे लेकर अररिया पीएचसी में आयोजित बैठक में पीएचसी प्रभारी डॉ आशुतोष कुमार, बीएचएम प्रेरणा रानी, डब्ल्यूएचओ के प्रखंड समन्वयक संतोष कुमार, यूनिसेफ के बीएमसी जय कुमार झा, पिरामल स्वास्थ्य के बीटीएम रेणु कुमारी, केयर इंडिया के प्रखंड प्रतिनिधि संजीव कुमार, केयर के कम्यूनिटी हेल्थ प्रबंधक संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में एएनएम व आशा कार्यकर्ता मौजूद थी|
स्वास्थ्य कार्यक्रमों की सफलता में आशा व एएनएम की भूमिका महत्वपूर्ण :
बैठक को संबोधित करते हुए पीएचसी प्रभारी डॉ आशुतोष कुमार ने कहा कि किसी भी स्वास्थ्य कार्यक्रम की सफलता में एएनएम व आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है| उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में एक साथ कई स्वास्थ्य कार्यक्रम संचालित किये जाने हैं| इसमें कोविड वैक्सीनेशन का कार्य काफी महत्वपूर्ण है | उन्होंने कहा कि कोविड का टीका पूरी तरह सुरक्षित है| संक्रमण से बचने के लिये टीका ही एक मात्र विकल्प है| पहले चरण में स्वास्थ्य व आईसीडीएस के कर्मियों का टीकाकरण किया जाना है| इसके लिये कोविन पोर्टल पर उनका पंजीकरण पूर्व में ही किया जा चुका है| उन्होंने टीकाकरण के दौरान बरती जाने वाली सावधानी व इस दौरान बायोवेस्ट के मैनजेमेंट को लेकर जरूरी जानकारी स्वास्थ्य कर्मियों को दी|
14 से 31 जनवरी के बीच परिवार नियोजन पखवाड़ा का होगा आयोजन :
बीएचएम प्रेरणा रानी ने बताया कि आगामी 14 से 31 जनवरी के बीच मिशन परिवार विकास अभियान का आयोजन किया जाना है| इसके तहत 14 से 20 जनवरी के बीच दंपति संपर्क सप्ताह का आयोजन किया जाना है| इस दौरान पात्र दंपति से संपर्क स्थापित कर उन्हें परिवार नियोजन के स्थायी व अस्थायी उपायों के प्रति जागरूक किया जाना है| इसमें पुरुष नसबंदी व महिला बंध्याकरण के इच्छुक लोगों को चिह्नित किये जाने का कार्य संपादित किया जाना है| इसके बाद 21 से 31 जनवरी के बीच परिवार नियोजन सेवा सप्ताह का संचालन सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर किये जाने की जानकारी उन्होंने दी| इसके अलावा बताया कि कालाजार व मलेरिया के मरीजों की खोज के लिये आगामी 15 जनवरी से घर-घर खोज अभियान का संचालन किया जायेगा| इसमें आशा व क्षेत्र की एएनएम घर घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी हासिल करेंगी| इस दौरान कालाजार या मलेरिया से जुड़े लक्षण पाये जाने के उपरांत नजदीक स्वास्थ्य केंद्रों पर उनका जांच करा कर तत्काल इलाज आरंभ करने के लिये उन्हें प्रेरित किया जायेगा|
वैक्सीनेशन के दौरान सुरक्षा मानकों का रखा जायेगा ध्यान :
कोविड वैक्सीनेशन से संबंधित जानकारी देते हुए पीएचसी प्रभारी आशुतोष कुमार ने कहा कि टीकाकरण के कार्य के लिये कर्मियों को पूर्व में ही चिह्नित कर लिया गया है| उन्हें टीकाकरण की बारीकियों से अवगत कराया गया है| इस दौरान बरती जाने वाली सावधानी, बायोवेस्ट मैनेजमेंट की जानकारी दी गयी है| इतना ही नहीं इस दौरान सभी कर्मियों को संक्रमण से बचाव के लिये सभी जरूरी एहतियाती उपायों पर सख्ती पूर्वक अमल करने को लेकर जरूरी हिदायत दी गयी है|




Recent Comments