छपरा। गुरुवार को मंत्री, विज्ञान एवं प्रौधोगिकी विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री सारण, सुमित कुमार सिंह के द्वारा सारण जिले के सांसदगण, विधायकगण, विधान पार्षदगण, जिला परिषद् अध्यक्षा एवं महापौर छपरा नगर निगम की उपस्थिति में सारण जिला में कोविड-19 की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा किये जा रहे कार्यो की समीक्षा वर्चुअल बैठक के माध्यम से की गयी। जिसमें माननीय मंत्री ने कहा कि कोविड-19 के विरुद्ध लड़ाई मे सभी जनप्रतिनिधिगण का रचनात्मक सहयोग एवं सहभागिता जरुरी है। लोगों को जागरुक करने में जनप्रतिनिधिगण की बड़ी भूमिका होती है। मंत्री के द्वारा कोविड की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन के द्वारा किये गये कार्यों की जानकारी प्राप्त की गयी और उसके बाद उपस्थित सभी जनप्रतिनिधिगण से एक-एक कर उनके सुझाव लिये गये। समीक्षा बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी डॉ निलेष रामचन्द्र देवरे के द्वारा मंत्री सहित सभी जनप्रतिनिधिगण का स्वागत किया गया एवं कोविड के विरुद्ध जिला में किये गये कार्यों की जानकारी पावर प्वाइंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से दी गयी। जिलाधिकारी के द्वारा बताया गया कि अभी तक जिले में कुल-1011950 जांच कराये गये हैं जिसमें कुल 21143 पॉजीटिव मामले आये। आज जिला में मात्र 683 एक्टीव मामले हैं। अभी तक कोविड से जिला में 173 लोगों की मृत्यु हुई है। जिसमें 65 लोग पहली लहर में और 108 लोग की मौत दूसरी लहर में हुयी है। पहली लहर में मृत सभी 65 लोगों के परिजनों को सरकार द्वारा निर्धारित चार लाख की अनुग्रह राशि दे दी गयी है और इस बार जिनकी मृत्यु हुयी है उनका डीटेल्स कोविड पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। राशि प्राप्त होते ही पाँच दिनों के अंदर इनके परिजनों को राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी के द्वारा बताया गया कि सारण जिला में कोविड संक्रमण पिछले 17 अप्रैल से 30 अप्रैल तक महत्तम था लेकिन 5 मई से जारी लॉकडाउन का काफी लाभ मिला है। जिला में 19 मई से लागातार पॉजीटिवीटी दर में गिरावट आयी है और अब यह एक प्रतिषत से भी नीचे चल रहा है। अगर यही स्थिति रही तो अगले पाँच दिनों में जिला फरवरी 2021 की स्थिति में चला जाएगा।जिलाधिकारी ने कहा कि कोविड जाँच एवं टीकाकरण का प्रखंडवार एवं पंचायतवार अनुश्रवण किया जा रहा है। होम आइसोलेषन में रह रहें मरीजों का एएनएम के द्वारा ऐप के माध्यम से घर-घर जाकर जानकारी की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों एवं दूरस्त इलाकों में टीकाकरण में तेजी आये इसके लिए कुल 31 टीका रथ 26.05.2021 से चलाया जा रहा है। इसके लिए लोगां को जागरुक किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि लॉकडाउन मे कमजोर वर्ग, बेसहारा और निर्धन लोगों को खाने की कोई परेशानी न हो इसको लेकर 23 जगहों पर सामुदायिक रसोई का प्रबंध किया गया है, जहाँ प्रतिदिन तीन से चार हजार लोग भोजन ग्रहण कर रहे हैं। जिले में मास्क वितरण मे तेजी लायी गयी है अभी तक 16 लाख मास्क का वितरण कराया जा चुका है। जिलाधिकारी के द्वारा तीसरी लहर को देखते हुए भविष्य के लिए तैयार की जा रही रणनीति के बारे में भी बताया गया। मंत्री के द्वारा सभी जनप्रतिनिधिगण से उनके क्षेत्र के बारे में जानकारी एवं उनके सुझाव मांगी। सभी जनप्रतिनिधिगण ने कुछ-कुछ सुझाव दिये जिसपर जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय सदस्यगण के सुझाव को गंभीरता से लागू कराया जाएगा एवं अनुपालन संबंधि प्रतिवेदन शीघ्र हीं भेज दिया जाएगा। सभी जनप्रतिनिधियों के द्वारा जिला प्रशासन द्वारा कोविड की रोकथाम के लिए किये गये प्रयासों की प्रशंसा की गयी। समीक्षा बैठक में माननीय मंत्री के साथ सांसद राजीव प्रताप रुढी, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक श्रीकांत यादव, केदार नाथ सिंह, जनक सिंह, डॉ सीएन गुप्ता, कृष्ण कुमार मंटू, छोटेलाल राय, डॉ रामानुज प्रसाद, विधान पार्षद वीरेन्द्र नारायण यादव, केदार नाथ पांडे, सुनिल कुमार सिंह, जिला परिषद् अध्यक्षा श्रीमती मीना अरुण एवं महापौर श्रीमती सुनिता देवी उपस्थित थे वहीं जिलाधिकारी के साथ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, उप विकास आयुक्त अमित कुमार, अपर समाहर्त्ता डॉ गगन, सिविल सर्जन डॉ जनार्दन सुकुमार जिलाधिकारी के ओएसडी रजनीश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।