
कोरोना संकट में सदर अस्पताल में गूंजी 364 नवजात शिशुओं की किलकारियां
•लॉक डाउन के अवधि में 364 बच्चों ने लिया जन्म
• सदर अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को मिल रही है निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं
छपरा । वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए देशव्यापी लॉक डाउन लागू है। लॉकडाउन के कारण जिले में अन्य जरुरी स्वास्थ्य सुविधाओं का भी बेहतर ख्याल रखा जा रहा है. लॉक डाउन के दौरान जिले के सदर अस्पताल में 25 मार्च से 30 अप्रैल तक 364 नवजात शिशुओं ने जन्म लिया है। अस्पताल में इन दिनों प्रसूताओं और नवजात शिशुओं का भी विशेष रूप से ख्याल रखा जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से प्रसूति कक्ष एवं स्पेशल नवजात शिशु ईकाई भी हर दिन सेनेटाइज किए जा रहे हैं. साथ ही चिकित्सा कर्मी भी प्रसूताओं और गर्भवती महिलाओं की विशेष देखभाल के लिए भी उन्हें जागरुक करने में जुटे हुए है। शिशु रोग विशेषज्ञ जच्चा और बच्चा दोनों के देखभाल के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के साथ ही प्रसूताओं को नवजात को स्तनपान जरुर कराने के लिए प्रेरित भी कर रहे है। ताकि नवजात शिशु के शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता अधिक विकसित हो सके।
शिशुओं को छूने से पहले हाथ की धुलाई:
सिविल सर्जन डॉ माधवेश्वर झा ने बताया कोरोना संक्रमण के मद्देनजर प्रसव कक्ष में प्रोटोकॉल के मुताबिक सावधानी बरती जा रही है. प्रसूता को मुंह पर मास्क, नियमित अंतराल में हाथ धोने और शिशु को हाथ लगाने से पहले हाथों को अच्छी तरह से सेनेटाइज कराना सुनिश्चित किया जा रहा है। ताकि बच्चे को संक्रमित होने से बचाया जा सके। साथ ही गर्म पानी में कपड़ा भिगोकर नवजात शिशु के हाथ और पैरों को नियमित साफ करने एवं प्रसूता और शिशु के कपड़े को गर्म पानी में ही धोने के लिए भी समझाया जा रहा है। उन्होंने बताया पूरे वार्ड परिसर में सोडियम हाईक्लोराइड सोल्यूशन का भी नियमित अंतराल में छिडकाव किया जा रहा है। नर्सिंग स्टाफ को भी सभी तरह के व्यक्तिगत सुरक्षा किट प्रदान कराया गया है.
जन्म के 1 घंटे के भीतर स्तनपान की शुरुआत:
केयर इंडिया के बीएम अमितेश कुमार ने बताया जन्म के 1 घन्टे के भीतर शिशुओं को स्तनपान कराया जा रहा है। साथ ही 6 माह तक बच्चे को सिर्फ स्तनपान कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। माँ का दूध शिशु को कई तरह के संक्रमण से बचाव करता है । माँ के दूध में एंटीबॉडी होते हैं जो बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए माताओं को सुरक्षित तरीके से स्तनपान कराने एवं बच्चों की देखभाल करने की बबी हिदायत दी जा रही है.
इन बातों का रखें ध्यान:
• शिशु को स्तनपान कराने के दौरान सांस संबंधित हाईजीन के नियमों का पालन करें. यदि माता को सर्दी या खांसी जैसे कोई भी लक्षण हो तो शिशु को स्तनपान कराने के दौरान मास्क का इस्तेमाल करें
• नवजात शिशु को छूने से पहले और बाद में हाथ जरूर धोएं. यह नियमित रूप से हर बार करें
• बच्चे को लेकर घर या अस्पताल में जिन भी जगहों पर आप जा रहे हैं, वहां साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें.




Recent Comments