रिविलगंज (सारण), 12 जुलाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 78वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 9 जुलाई को डॉ. पी. एन. सिंह डिग्री कॉलेज, रिविलगंज में आयोजित प्रतिभा खोज सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का परिणाम शनिवार को घोषित किया गया। इस अवसर पर संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। प्रतियोगिता में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में सनी कुमार ने प्रथम, पीयूष कुमार ने द्वितीय तथा पंकज यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विवेकानन्द तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सामान्य ज्ञान एवं बौद्धिक प्रतियोगिताएँ युवाओं में अध्ययनशीलता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए विजेताओं को शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में सीनेट सदस्य नवलेश कुमार, विभाग संयोजक सचिन कुमार, विभाग छात्रा प्रमुख अदिति कुमारी, विभाग संगठन मंत्री सूर्यानंद कुमार तथा जिला संयोजक भास्कर कुमार मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन रजनीकांत सिंह ने किया। अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अभाविप ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।