मांझी। सरयू नदी के मांझी राम घाट पर कलश-यात्रा निकलने के दौरान नदी में स्नान करने के क्रम में डूबे बेलदारी गांव निवासी राजेश यादव के पुत्र 16 वर्षीय मोहित कुमार यादव का शव मंगलवार की शाम तक बरामद नही हो सका था। सीओ धनंजय कुमार के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम के द्वारा मोटरबोट से शव की खोजबीन की जा रही है। मौके पर स्थानीय माकपा विधायक डॉ सत्येंद्र यादव, प्रखंड प्रमुख कमला देवी समेत बड़ी संख्या में आस-पास के ग्रामीणों की भीड़ मौजूद थी। उधर बताया जाता है कि किशोर के नदी डूबने की आकस्मिक घटना के बाद सोमवार की रात बेलदारी के ग्रामीणों ने एक बैठक की। जिसमें दुखद घटना पर शोक प्रकट करते हुए ग्रामीणों के द्वारा सर्वसम्मति से गांव के घोड़ाही माई स्थान पर मंगलवार से आरंभ होने वाले 24 घण्टे के अखण्ड अष्टयाम को स्थगित कर देने का निर्णय लिया गया।