मांझी। सोमवार की रात्रि मांझी थाना क्षेत्र के चकिया गांव निवासी एक व्यक्ति की सन्देहास्पद परिस्थिति में मौत हो गयी। मृतक की पहचान चकिया गांव निवासी कमल राम के रूप की गयी है।घटना के सम्बंध में मिली जानकारी के अनुसार मृतक ईट भट्ठा पर मजदूरी करता था। काम कर घर लौटने के बाद घर से बाजार जाने की बात कह कर निकल गया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों द्वारा काफी खोज बीन की गई लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। मंगलवार की सुबह मांझी एकमा रोड़ के किनारे नरपलिया स्थिति बगीचे में उसे मृत अवस्था में पाया गया। मृतक की मौत अत्यधिक शराब पीने अथवा जहरीली शराब पीने से मौत होने की लोग दबी जुबान चर्चा कर रहे हैं। लोगों की माने तो मृतक के साथ पांच अन्य लोग भी शराब पीने गए थे उन लोगो के सम्बंध में कुछ पता नही चल सका है। हालांकि मंगलवार को परिजनों द्वारा शव का दाह संस्कार कर दिया गया।