मांझी। सारण के एसपी संतोष कुमार द्वारा कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद बुधवार की सुबह कोहड़ा बाजार के दुकानदारों ने दो दिन बाद अपनी दुकानें खोल दी। उसके बाद एक बार फिर बाजार में रौनक लौट आई है। मंगलवार की देर शाम कोहड़ा बाजार पहुंचे सारण एसपी ने शांति-व्यवस्था को लेकर एसडीपीओ एमपी सिंह, सदर एसडीएम, पुलिस इंस्पेक्टर मंजू कुमारी सिंह व पुलिस फोर्स के साथ मुख्य सड़क पर फ्लैग मार्च किया। उसके बाद बाजार के व्यवसायियों व ग्रामीणों से सिल सिलेवार उनकी शिकायतें सुनी। एसपी ने बाजार के व्यवसायियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि निःसंकोच आप अपनी दुकानें खोलें। शांति-व्यवस्था बहाल रखने की जिम्मेवारी पुलिस की है। मैं हर शिकायत की अपने स्तर पर जांच करूंगा। और अगर सत्य साबित हुआ तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। चाहे वह पुलिस अधिकारी हो या अपराधी।एसपी से बातचीत के बाद व्यवसायी अगले दिन से दुकान खोलने पर राजी हो गए। वहीं दाउदपुर थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि ताजा घटनाओं का त्वरित निष्पादन करते हुए संलिप्त लोगों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्त करें। बता दें कि विगत रविवार की शाम बाइक से पहुंचे करीब एक दर्जन असामाजिक तत्वों ने कोहड़ा गांव के तीन युवकों को गम्भीर रुप से जख्मी कर दिया था। उसके पहले भी उनके द्वारा की गई मारपीट की कई घटनाओं से नाराज होकर व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद कर दी थी।