छपरा 25 मई। पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन छपरा के उप सचिव डाॅ. ए एच अंसारी ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन छपरा शाखा की मासिक बैठक 9 बजे पूर्वाह्न से पराशर कम्प्लेक्स भगवान बाज़ार में हुई। बैठक की अध्यक्षता विश्व मोहन सिंह ने किया। कार्यकारी अध्यक्ष ओ पी पराशर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार आठवें वेतन आयोग गठित की तो खुशी हुई। लेकिन उसके क्रियाकलापों से मन दुखित है। उसने वित्त विधेयक पास कराकर पेंशनर्स के हित पर कुठाराघात किया है। इस काला क़ानून की हम निंदा करते हैं। गर्मी के मौसम में पेंशनर्स को अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई और कहा कि लू से बचाव करने की ज़रूरत है। शाखा सचिव मिथिलेश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि केन्द्र सरकार 25 मार्च को संसद में विधेयक लाकर सेवानिवृत्ति के आधार पर 8वें वेतन आयोग के लाभों से पेंशनर्स को वंचित करने की साज़िश कर रही है। यह पेंशनर्स के लिए काला क़ानून है। केन्द्र सरकार की यह कुठाराघात पेंशनर्स कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। ऐसा करना केंद्र सरकार को महंगा पड़ेगा। इससे पेंशनर्स के बीच भारी आक्रोश है। आठवें वेतन आयोग से जनवरी 2026 के पहले सेवानिवृत कर्मचारियों को लाभ से वंचित करना और पेंशनरों की हितों की अनदेखी करना भारी पड़ेगा। इस काले क़ानून के ख़िलाफ़ आज की बैठक में सदस्यों द्वारा निंदा प्रस्ताव पारित किया गया और इसकी घोर निन्दा की गई। उन्होंने सरकार से मांग की पेंशनरों के साथ भेदभाव सरकार नहीं करे। साथ ही 65 , 70 , 75 वर्ष आयु पर क्रमशः 5 ,10 ,15 प्रतिशत अतिरिक्त भत्ता की मांग केंद्र सरकार से की। उन्होंने कहा कि पेंशन सेवानिवृत्त कर्मचारियों का हक़ है , पेंशन कोई भीक नहीं है। मुद्रिका प्रसाद ने सरकार से यह मांग किया कि वर्तमान में जो पेंशन कम्यूटेशन अवधि पन्द्रह साल है, यह बिल्कुल अनुचित है। पेंशन कम्यूटेशन अवधि को घटाकर ग्यारह साल किया जाय। साथ ही कोरोना काल में फ़्रीज किए गए अठारह महीने के महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत के एरियर की भुगतान भी शीघ्र करें। अगर केंद्र सरकार आठवें वेतन आयोग में पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स के इन मांगों की अनदेखी करेगी तो पेंशनर्स समाज राष्ट्र स्तरीय आंदोलन के लिए मजबूर होगा। इसलिए सरकार को आठवें वेतन आयोग में पेंशनर्स हितों का विशेष ध्यान रखना होगा। अध्यक्ष विश्वमोहन सिंह ने शाखा की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए सदस्यता बढ़ाने पर ज़ोर दिया तथा सभी पेंशनर्स का आई कार्ड एवं ई-उमीद कार्ड बनाने की तकनीक पर चर्चा की।अध्यक्ष विश्व मोहन सिंह ने जिन पेंशनरों की जन्मदिन मई माह था उनको बधाई कार्ड देते हुए स्वस्थ्य और लंबी उम्र की शुभकामनाएं दीं। बैठक को सम्बोधित करने वालों में पी.एन. कुमार, ओमप्रकाश पराशर, राज कुमार श्रीवास्तव, सुरेन्द्र सिं,पीके मांझी आदि हैं।