दो बाइकों की टक्कर में चार घायल, एक गंभीर
एकमा (सारण)। थाना क्षेत्र के मांझी-बरौली स्टेट हाईवे संख्या 96 पर रविवार को मुकुंदपुर गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई। टक्कर में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉ. विवेक कुमार प्रसाद ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। प्राथमिक इलाज के बाद चारों घायलों को बेहतर चिकित्सा के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि एक बाइक पर सवार दाउदपुर थाना क्षेत्र के गोबरही गांव निवासी मुकेंद्र यादव (26) महाराजगंज की ओर जा रहे थे। वहीं दूसरी बाइक से एकमा की ओर आ रहे रसूलपुर थाना क्षेत्र के सरांव गांव निवासी पंकज कुमार (24), हीरो कुमार (23) व नीरज कुमार (22) सवार थे। इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
परिजनों ने बताया कि मुकेंद्र यादव की शादी 28 मई को तय है और वह तिलक समारोह के लिए कपड़े लाने महाराजगंज जा रहे थे। तभी यह दुर्घटना हो गई। चिकित्सक डॉ. विवेक कुमार प्रसाद ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया है। लेकिन मुकेंद्र यादव की स्थिति गंभीर है।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया।




Recent Comments