इसुआपुर में सड़क दुर्घटना में किशोर की मौत

इसुआपुर(सारण)। थाना क्षेत्र के पुरसौली गांव के सुनील साह के 15 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार की मौत सड़क दुर्घटना में हो गई। वह शनिवार की सुबह छठ घाट से घर लौट रहा था। इसी बीच पुरसौली गांव स्थित एसआर पेट्रोल पंप के पास छपरा-मसरख मुख्य सड़क को पार करने के दौरान वह तेज रफ्तार से छपरा की तरफ जा रही मोटरसाइकिल की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल चालक अचितपुर गांव के छोटू नट का पुत्र माधव नट भी सड़क पर गिर पड़ा। दोनों को घायल अवस्था में लोगों ने सीएचसी इसुआपुर लाया। जहां चिकित्सकों ने पीयूष कुमार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है। मृतक अपने मां-बाप का इकलौता पुत्र था। घटना के बाद गांव में मातम छाया हुआ है। घटना की सूचना पर स्थानीय मुखिया संगम बाबा, प्रवीण सिंह, हरे राम सिंह, सोनू कुमार, वीरेंद्र साह, राकेश कुमार सिंह तथा गणेश दुबे ने मृतक के घर पहुंच कर शोक संतप्त परिजनों को ढाढस बंधाया।