अभिषेक ने दारोगा पद पर चयनित होकर गांव का नाम किया रौशन

मांझी(सारण) : स्थानीय मियां पट्टी निवासी शेखर नाथ गुप्ता व स्नेहलता गुप्ता के पुत्र अभिषेक कुमार गुप्ता ने दारोगा पद के लिए सफलता हासिल कर गांव समेत प्रखंड का नाम रौशन किया है। उसकी इस सफलता से परिवार समेत पुरे गांव में खुशी का माहौल है। माता-पिता समेत सभी परिजन व सम्बन्धी गदगद हैं। पिता फिलहाल एक नेशनल कमर्शियल इंस्टीच्यूट चलाते हैं। तीन भाईयों के बीच अभिषेक ने प्रारंभिक शिक्षा उर्मिला देवी शिशु मंदिर में पूरी की। जिसमे उनके पिता शेखर नाथ गुप्ता पहले शिक्षक के रूप में कार्य कर चुके हैं। उसके बाद हलखोरी साह उच्च विद्यालय से 2009 में दसवीं , मांझी इंटर कालेज से 2011 में 12वीं व पीएन सिंह कालेज से 2014 में स्नातक की परीक्षा पास की। उसके बाद मिनरवा कोचिंग सेंटर छपरा के माध्यम से तैयारी कर सफलता हासिल की। अभिषेक कहना है कि उसकी सफलता का श्रेय माता-पिता को है। उन्हीं की प्रेरणा व प्रोत्साहन से जमकर ईमानदारी से मेहनत की और सफल रहा। इसी माह 14 मार्च को पटना में ज्वाइन करना है।