अपनी लाज छुपाने के लिए मांझी पुलिस ने एक साजिश के तहत कटोखर की घटना को अंजाम दिया : पूर्व मंत्री

सारण जिले में कानून का राज समाप्त हो गया है पुलिस का राज चल रहा है : पूर्व मंत्री

मांझी (सारण) : सारण जिले में कानून का राज समाप्त हो गया है पुलिस का राज चल रहा है तथा अपनी लाज छुपाने के लिए मांझी पुलिस ने एक साजिश के तहत कटोखर की घटना को अंजाम दिया। यह बातें पूर्व मंत्री व राजद के वरीय नेता मुनेश्वर चौधरी ने इस संवाददाता से फोन पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि शुक्रवार की शाम पुलिस लूट की घटना के सिलसिले में कटोखर गई थी इसी बीच शत्रुघ्न चौधरी नामक दुकानदार को हड़काकर पुलिस कर्मियों ने अंडा व पकौड़ी खा लिया तथा पैसा मांगने पर उसके साथ पुलिस मारपीट पर उतारू हो गई। पुलिस की ज्यादती को लेकर बाजार के लड़के उग्र हो गए तथा पुलिस कर्मियों की हरकत को मोबाइल के सहारे कैमरे में कैद करने लगे। इसके प्रतिशोध में पुलिस ने वहाँ पर पेंटर का काम कर रहे राजू चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया। बाद में मांझी पुलिस ने अपनी लाज बचाने के लिए जिला मुख्यालय से बड़ी संख्या में पुलिस को बुलाकर निर्दोष लोगों पर ज्यादती की। उन्होंने कहा कि पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों का अवैध शराब के कारोबार से कुछ भी लेना देना नही है। पुलिस पर अन्य ग्रामीणों को झूठे मुकदमे में फंसाने के इन्होंने आरोप लगाया।