दैनिक खोज खबर/तरैया (सारण)। प्रखण्ड मुख्यालय के बगल में स्थित रेफरल अस्पताल का शुक्रवार को तरैया बीडीओं विभु विवेक ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें ड्यूटी रोस्टर के अनुसार तीन में से दो चिकित्सक अनुपस्थित मिले। बीडीओ विभु विवेक ने बताया कि शुक्रवार को रेफरल अस्पताल तरैया का अचौक निरीक्षण किया गया। रोस्टर में तीन चिकित्सकों की तैनाती हुई थी। लेकिन निरीक्षण के समय केवल डॉ. प्रियंका ही मरीजों का उपचार करती हुई पाई गईं। अन्य दो चिकित्सक अपने कक्ष से अनुपस्थित थे। चिकित्सकों की अनुपस्थिति के संबंध में अस्पताल प्रबंधन से पूछताछ करने पर बताया गया कि एक चिकित्सक की ड्यूटी छपरा में लगी हुई है, जबकि दूसरे चिकित्सक आधिकारिक अवकाश पर हैं। चिकित्सकों की कमी के बावजूद, बीडीओ ने अस्पताल के अन्य विभागों और साफ-सफाई का भी जायजा लिया। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उपस्थिति के मुद्दे को छोड़कर अस्पताल की बाकी व्यवस्थाएं और कामकाज संतोषजनक पाए गए हैं। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों को स्वास्थ्य सेवाओं में कोई कोताही न बरतने और मरीजों को बेहतर सुविधाएँ प्रदान करने का निर्देश दिया।