29 मई को गंगा महाआरती के शाम, सुरों से सजेगी रात…
———————-++-+++————————
#चिरांद के बंगाली बाबा घाट पर गंगा महाआरती की तैयारियां पूरी-:
#पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव होंगे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि-:

डोरीगंज (सारण):
“””””””””””
29 मई को चिरांद स्थित बंगाली बाबा घाट पर आयोजित होने वाली गंगा महाआरती, गंगा बचाओ संकल्प समारोह व रात्रिभर चलने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियां आयोजक चिरांद विकास परिषद् की तरफ से पूरी कर ली गई हैं। परिषद् के सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव जबकि विशिष्ट अतिथि जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. हरिकेष सिेंह होंगे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह क्षेत्र प्रचारक रामनवमि जी, क्षेत्र कार्यवाह डाॅ. मोहन सिंह, अमनौर विधायक शत्रुघ्न तिवारी उर्फ चोकर बाबा, विधान पार्षद सचिदान्नंद राय, छपरा विधायक डाॅ. सीएन गुप्ता, संत गांगेय हंसजी महाराज आदि गणमान्य भी गंगा महाआरती में शामिल होंगे।
संध्या 7.30 से होगी आरती
चिरांद विकास परिषद् के सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि आयोजनों की
श्रृंखला में सबसे पहले गंगा पूजन व गंगा महाआरती संपन्न होगा। काशी से आचार्य राजेश कौशिक के नेतृत्व में आए 11 बटुक गंगा पूजन कराएंगे। इसके बाद एक घंटे तक गंगा महाआरती चलेगी। महाआरती काशी में होने वाली आरती की तरह ही होगी। मां गंगा के किनारे हर हर महादेव शंभु काशी विश्वनाथ गंगे… का सुर और महाआरती का अलौकिक दृश्य श्रद्धालुओं को अद्भुत अहसास कराएगी।
शहनाई, डमरू, नृत्य सबकुछ…
गंगा महाआरती के बाद गणमान्य अतिथियों का संक्षिप्त संबोधन होगा। सचिव का प्रतिवेदन होगा। इसी के बाद शुरू हो जाएंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम, जो पूरी रात चलेंगे। शहनाई वादन, संस्कार भारती की रंगोली,वाराणसी के कलाकारों के शिव का डमरू दल व झल्लरी की प्रस्तुति, नृत्य, संगीत, हास्य व्यंग्य आदि पूरी रात श्रद्धालुओं को बांधे रखेगा।
लहरों पर स्वरलहरियां…
गंगा महाआरती के आयोजन के इस साल 11 वर्ष पूरे होने पर इसे भव्य से भव्यतम रूप देने की कोशिश चिरांद विकास परिषद् ने की है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के मंच को इस बार नदी के अंदर नावों पर बनाया गया है, जो खास आकर्षण होगा। गंगा की लहरों पर स्वरलहरियां तन—मन को अद्भुत अहसास कराएंगी।
मां गंगा ने बुलाया है…
चिरांद विकास परिषद् के संरक्षक श्रीश्रीकृष्ण गिरि नागा बाबा ने कहा कि 29 मई को शाम 7.30 से चिरांद के बंगाली बाबा घाट पर होने वाली गंगा महाआरती में शामिल होने के लिए क्षेत्र ही नहीं, आसपास के जिले के सभी लोग आमंत्रित हैं। जो भी यहां तक पहुंच सकते हैं, वह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अवश्य आएं। किसी भी निमंत्रण की प्रतीक्षा न करते हुए यह समझें कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है। ज्येष्ठ पूर्णिमा पर होने वाली गंगा महाआरती में शामिल होने से तो महापुण्य फल प्राप्त होगा ही, इस दिन मां गंगा में स्नान करना भी अत्यंत लाभदायी होता है। इसलिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में मां गंगा की पूजा में शामिल होने के लिए पधारें।