रंजन श्रीवास्तव (दैनिक खोज खबर)। तरैया प्रखंड के सीआरसी हरपुर फरीदन मूल्यांकन केंद्र पर वर्ग 3 से 8 तक के विद्यार्थियों की अर्धवार्षिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य निर्धारित समय से पूर्व संपन्न हो गया। मूल्यांकन कार्य में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बताया जाता है कि सीआरसी हरपुर फरीदन मूल्यांकन केंद्र पर 21 सितंबर से अर्धवार्षिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हुआ था। मूल्यांकन कार्य को समय पर पूरा कराने के लिए सीआरसी समन्वयक विनोद कुमार सिंह एवं मूल्यांकन केंद्र के संचालक सह अपग्रेडेड +2 हरपुर फरीदन के प्रभारी प्रधानाध्यापक नवल किशोर राय ने विशेष समन्वय स्थापित किया। दोनों के प्रयास और मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम रहा कि निर्धारित समय से पहले ही मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया गया। सीआरसी समन्वयक विनोद कुमार सिंह ने मूल्यांकन में लगे सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को समय से पूर्व उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पूरी करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने घोषणा की कि सर्वाधिक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने वाले तीन शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक जांची गई कॉपी के लिए 50 पैसे की प्रोत्साहन राशि देने तथा मूल्यांकन के दौरान चाय-नाश्ते की व्यवस्था किए जाने की घोषणा की गई। इस पहल से शिक्षकों में उत्साह बढ़ा और मूल्यांकन कार्य तेजी से पूरा हुआ। गुरुवार को मूल्यांकन कार्य संपन्न होने के बाद प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मध्य विद्यालय उसरी चांदपुरा के शिक्षक मनोज कुमार, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली मध्य विद्यालय डुमरी की शिक्षिका किरण कुमारी तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मध्य विद्यालय हरपुर फरीदन के शिक्षक गोविंद कुमार शर्मा को सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रधान परीक्षक अजय कुमार साह एवं सच्चिदानंद सिंह को भी शॉल देकर सम्मानित किया गया। सभी को सीआरसी समन्वयक विनोद कुमार सिंह, मूल्यांकन केंद्र संचालक सह प्रभारी प्रधानाध्यापक नवल किशोर राय एवं मध्य विद्यालय हरपुर फरीदन के प्रधानाध्यापक अरुण कुमार चौबे ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया। वहीं मूल्यांकन कार्य में शामिल अन्य सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।मौके पर सीआरसी हरपुर फरीदन के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों के प्रतिनियुक्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि 26 सितंबर को सभी विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) आयोजित की जानी है, जिसमें विद्यार्थियों का स्कोर कार्ड भी अभिभावकों को उपलब्ध कराया जाना है। ऐसे में मूल्यांकन कार्य समय से पूरा होने से विद्यालयों को स्कोर कार्ड तैयार करने के लिए पर्याप्त समय मिल गया है। मूल्यांकन केंद्र पर किए गए समन्वित प्रयास और प्रोत्साहन आधारित इस व्यवस्था को शिक्षकों ने सकारात्मक पहल बताया।