
धर्मेंद्र रस्तोगी/छपरा। बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही सारण प्रमंडल के पांचों जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है, जो 31 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। इस चुनाव में कुल 10,743 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
चुनाव की मुख्य तिथियां
- नामांकन की शुरुआत: 29 सितंबर से 6 अक्टूबर तक (अवकाश को छोड़कर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक)
- नामांकन पत्रों की जांच (संवीक्षा): 7 अक्टूबर
- नाम वापसी की अंतिम तिथि: 9 अक्टूबर
- मतदान की तिथि: 23 अक्टूबर (सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक)
- मतगणना: 27 अक्टूबर
जिलावार मतदान केंद्र और मतदाता आंकड़े
इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 98 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर कुल 10,743 मतदाता (8,885 पुरुष और 1,858 महिला) अपने प्रतिनिधि का चुनाव करेंगे।
- सारण: 20 मतदान केंद्र और 3,824 मतदाता
- सिवान: 19 मतदान केंद्र और 2,183 मतदाता
- पूर्वी चंपारण: 27 मतदान केंद्र और 1,741 मतदाता
- पश्चिमी चंपारण: 18 मतदान केंद्र और 1,713 मतदाता
- गोपालगंज: 14 मतदान केंद्र और 1,282 मतदाता
प्रशासनिक तैयारियां और व्यवस्थाएं
निर्वाची पदाधिकारी सह प्रमंडलीय आयुक्त मनीष कुमार ने बताया कि यह चुनाव वैध मतपत्रों (बैलेट पेपर) के जरिए कराया जाएगा। इसके लिए सभी जिलों में मतपेटिकाओं की व्यवस्था और मतदान दलों के गठन का काम अंतिम चरण में है।
प्रचार-प्रसार के लिए जिला स्तर पर ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ की शुरुआत की गई है, जिसके तहत ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर सभा, जुलूस और वाहनों के इस्तेमाल की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन का एकमात्र उद्देश्य चुनाव को पूरी तरह स्वच्छ, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।




Recent Comments