छपरा को विकास की कई नई परियोजनाओं का मिला है तोहफा

• नया छपरा शहर के लिए उपलब्ध है हजारों हेक्टेयर भूमि
• सिक्स लेन छपरा बाईपास के अतिरिक्त सवा सौ करोड़ की लागत से अमनौर और 90 करोड़ की लागत से परसा बाईपास का भी होगा निर्माण
• गरखा में एनएच से रेपुरा होते हुए व खैरा में भी बाईपास का निर्माण होगा।
• जिला में पहचान किये गये 26 ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना बहुल क्षेत्र) को किया जायेगा ठीक
• सोनहो में एनएन 722 के क्रासिंग जंक्शन है ब्लैक स्पॉट, बनेगा अंडरपास
• मांझी के लिए प्रस्तावित नये फोर लेन पुल का निर्माण शीघ्र, जुडे़गा रिविलगंज बाईपास से, समय की होगी बचत, आठ से दस घंटे में पूरी होगी दिल्ली की यात्रा
• शेरपुर-दिघवारा गंगा पथ का निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू होगा।
• बिजली के क्षेत्र में सारण देश का पहला जिला होगा जहां सभी PSS को मिलेगी एक दूसरे से कनेक्टिविटी
• जिला के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का होगा उन्नयन, सरकार को भेजा है प्रस्ताव
• अगले मौसम से गेहूं की खरीद करेगा आईटीसी, एक प्रतिस्पर्धी और कुशल आपूर्ति श्रृंखला का होगा निर्माण।
अमनौर, 31 मई, 2021 । पुराने छपरा शहर को अब नए तरीके से नई भूमि पर बसाने की योजना है। अब नये शहर के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। जहां अत्याधुनिक ड्रेनेज, बिजली की चौबीस घंटे उपलब्धता, पेयजल, सड़क, अस्पताल सहित अन्य सभी आधारभूत संरचनाएं अत्याधुनिक किस्म की होंगी। शहर को शीघ्र ही चार नये बाईपास पथों की परियोजना का लाभ मिलेगा। साथ ही पुराने शहर और ग्रामीण इलाकों के कायाकल्प की कई योजनाएं पूरी कर ली गई है, कई चालू है और कुछ नई परियोजनाएं शीघ्र ही सरजमीं पर उतरेंगी। इस बात की जानकारी आज स्थानीय सांसद सह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रुडी ने अमनौर में आयोजित एक विशेष संवाददाता सम्मेलन में दे रहे थे। प्रेस वार्ता में भाजपा के जिला महामंत्री अनिल सिंह, मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह, परसा मंडल अध्यक्ष संजय चौबे, जिला उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह, भाजपा नेता धर्मेन्द्र साह, बबुआ जी, सत्येंद्र सिंह आदि भी मौजूद थे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री रुडी ने बताया कि छपरा शहर में नये जेल के निर्माण, अस्पताल का निर्माण या अन्य सरकारी भवनों के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है। परन्तु अब सभी को छपरा शहर में ही नये स्थान पर स्थानांतरित किया जा सकता है क्योंकि इनके निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध हो गई है। उन्होंने बताया कि गंगा किनारे निचली सड़क, और गंगा नदी से विशुनपुरा तक बनने वाली सड़क के पास हजारों हेक्टेयर जमीन उपलब्ध है जहां नया छपरा शहर बसाया जायेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सभी सरकारी कार्यालयों, भवनों, जिला कोर्ट, जेल अस्पताल को वहां स्थानांतरित किये जाने का प्रस्ताव है।
जिला में सड़क और बाईपास की बात करते हुए सांसद रुडी ने बताया कि रिविलगंज से डोरीगंज तक नई सड़क का निर्माण हो रहा है। छपरा के लिए बाईपास को सिक्स लेन में परिवर्तित करते हुए नव निर्माण तो होगा ही इसके साथ ही टेकनिवास से विशुनपुरा होते हुए बाईपास के रूप में छपरा को एक नया रिंग रोड भी मिल रहा है। सांसद ने कहा इसके अतिरिक्त 90 करोड़ रुपये की लागत से परसा बाईपास और सवा सौ करोड़ रुपये की लागत से अमनौर बाईपास का भी निर्माण किया जायेगा। गरखा में राष्ट्रीय उच्च पथ से रेपुरा होते हुए नया और मढ़ौरा के खैरा में भी बाईपास का निर्माण किया जायेगा। रुडी ने कहा कि मांझी के लिए रुडी ने कहा कि मांझी के लिए प्रस्तावित नये फोर लेन पुल का निर्माण भी शीघ्र कराया जायेग साथ ही रिविलगंज बाईपास को भी इससे जोड़ा जायेगा। इसके निर्माण से छपरा और पटना से दिल्ली की यात्रा करना आसान तो होगा ही, समय की भी बचत होगी और आठ से दस घंटे में ही दिल्ली की यात्रा पूरी की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा बहु प्रतीक्षित शेरपुर-दिघवारा गंगा पथ का निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू होगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ परियोजनाओं का काम शुरू हो गया है, कुछ कार्य योजनाएं कार्य रूप लेने वाली है तो कुछ शीघ्र कार्यान्वित होंगी।
जिला में विद्युत व्यवस्था पर बात करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री रुडी ने कहा कि बिहार में सारण ऐसा जिला है जहां की विद्युत व्यवस्था सबसे अच्छी है। शीघ्र ही सारण जिला देश का पहला ऐसा जिला होगा जहां का प्रत्येक PSS एक दूसरे से जुड़े होंगे। पीएसएस की कनेक्टिविटी देने का यह कार्य छः माह के भीतर ही पूरा कर लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के पूरा हो जाने के बाद विद्युत आपूर्ति देने वाला यदि एक पीएसएस किसी तकनीकी कारणवश डाउन भी हो जाता है तब स्वचालित रूप से दुसरा PSS विद्युत की आपूर्ति सुचारु कर देगा। उन्होंने स्वास्थ्य पर बात करते हुए बताया कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सारण प्रगति पथ पर अग्रसर है जहां 100 बेड के नये अस्पताल का प्रस्ताव तो है ही मेडिकल कॉलेज के निर्माण की गति को भी तेज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां डीआरडीओ द्वारा छपरा में मेडिकली आक्सीजन प्लांट का निर्माण किया जा रहा है तो वहीं जिला के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड कराने के लिए भारत सरकार से संवाद भी कायम किया गया है। सारण जिला में सबसे व्यवस्थित चिकित्सा व्यवस्था करने की व्यवस्था की गई है जिसका परिणाम शीघ्र ही दिखने लगेगा।
सांसद रुडी ने बताया कि देश की कृषि क्षेत्र में भारत में अग्रणी प्रतिष्ठित कॉरपोरेट्स कंपनियों में से एक आईटीसी है जिसने ग्रामीण कृषि क्षेत्र में क्रांति और परिवर्तन किया है। किसानों से गेहूं की खरीद और आटा निर्माण के लिए जानी मानी यह कंपनी अब गेहूं के अगली फसल की खरीद करेगी। उन्होंने कहा कि मेरा प्रयास है कि अगले सीजन में इस कंपनी द्वारा किसानों के गेहूं को उचित मूल्य पर खरीदा जाय। इससे जिला में एक नई क्रांति का आगाज होगा और एक प्रतिस्पर्धी और कुशल आपूर्ति श्रृंखला का निर्माण होगा। जिला में टीकाकरण के संदर्भ में बात करते हुए 45 वर्ष से उपर के नागरिकों को टीकाकरण के लिए जागरूक करने की बात कहते हुए सांसद रुडी ने कहा कि आज कोरोना से बचाव का प्रमुख उपाय है टीकाकरण, पर आज भी 45 और इससे उपर की उम्र के लोग टीका लेने से कतरा रहे है। उन्होंने इस उम्र के नागरिकों से टीका का पूरा डोज लेने का आह्वान किया।