यूपी में चल रहा इंस्पेक्टर राज: रामगोविन्द चौधरी
रविन्द्र कुमार
बलिया 24 अप्रैल। सपा कार्यालय में नेता विधानसभा प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने प्रेसवार्ता करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला। कहा कि भाजपा सरकार विकास के बारे में नहीं, बल्कि जांच करने-कराने में जुटी हुई है। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि उप्र में इंस्पेक्टर राज चल रहा है। केवल भौकाल के नाम पर सरकार चल रही है। स्लाटर हाउस के सवाल पर कहा कि एक तरफ कहा जा रहा है कि स्लाटर हाउस बंद होगा, वहीं दूसरी तरफ स्लाटर हाउस का लाइसेंस नगर निकाय, नगर पालिका, नगर पंचायत व महापालिका से मिलता है। महापालिकाओं में अधिकतर भाजपा के ही चेयरमैन है। वे सबसे पहले इसे बंद कराये। सिर्फ हवा में बात करना भाजपा की फितरत है। सरकार ने काम करने का कोई मैप तैयार नहीं किया है। बिना कुछ सोचे समझे ही आदेश-निर्देश निर्गत किया जा रहा है। इसका धरातल पर कोई अस्तित्व ही नहीं है। भाजपा सरकार केवल तीन तलाक को लेकर राजनीति कर रही है, ताकि उसे एक वर्ग विशेष का लाभ मिल सकें। तलाक जैसी समस्याएं अन्य धर्मों में भी है, लेकिन उस पर सरकार चुप्पी साधे हुए है। बिजली, पानी, सड़क एवं किसानों का मुद्दा नहीं, बल्कि जाति-धर्म को मुद्दा बनाया जा रहा है। अखिलेश सरकार के बारे में कहा कि सरकार ने जो कहा उसे पूरा किया। मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तीन साल से अधिक का समय बीत गया, लेकिन सिर्फ उज्ज्वला योजना तक ही केन्द्र सरकार सीमित रह गई। जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह, लक्ष्मण गुप्त, सुशील पाण्डेय कान्हजी, दीवान सिंह, डा. विश्राम यादव मौजूद रहे।




Recent Comments