माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने तोड़ी अपनी परंपरा मेरिट लिस्ट जारी नहीं करने का फैसला 
आज़ाद नेब
जयपुर 23 अप्रैल। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए इस साल की बोर्ड परीक्षाओं के साथ ही मेरिट लिस्ट जारी नहीं करने का फैसला लिया है। बोर्ड प्रबंध मण्डल की बैठक में लिए गए फैसले के अनुसार अब बोर्ड परीक्षाओं के संबंध में स्थायी और अस्थायी योग्यता सूचियां जारी नहीं करेगा लेकिन बोर्ड के दीक्षांत समारोह में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले प्रथम तीन विद्यार्थियों को पदक दिए जाएंगे। इसके साथ ही साल 2018 से प्रायोगिक परीक्षा उसी जिले के सरकारी स्कूल में सेवारत शिक्षक से ही करवाई जाएगी। विशेष परिस्थितियों में ही निजी स्कूलों के अध्यापकों को शामिल किया जाएगा। गौरतलब है कि आरबीएसई की अब तक की परंपरा रही है कि सीनियर सेकंडरी के तीनों वर्गों में प्रथम 10 स्थानों में आने वाले विद्यार्थियों की मेरिट सूची जारी करता था वहीं सेकंडरी वर्ग में प्रथम 15 स्थानों की मेरिट सूची जारी करता था लेकिन अब बोर्ड ने अपनी इस परंपरा को खत्म कर दिया है।