सीवान (02 सितंबर) नेशनल जूनियर फुटबॉल  टीम के चयन सह प्रशिक्षण शिविर के लिए  चयनित सीवान  की बेटी ममता कुमारी को रविवार को साईं मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के परिसर में एक सम्मान समारोह आयोजित कर के सम्मानित किया गया ।सम्मान समारोह का  नेतृत्व सीवान के  प्रसिद्ध हड्डी एवं नस रोग विशेषज्ञ डॉक्टर रामेश्वर कुमार ने सिंह ने किया । इस मौके पर डाक्टर सिंह ने  कहा कि रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी की फुटबॉलर  ममता कुमारी ने नेशनल जूनियर फुटबॉल टीम में जगह बनाया है जो हम समस्त सीवान  वासियों के लिए हर्ष व गौरव का विषय है। सीवान  की बेटी ममता कुमारी ने सीमित संसाधनों के सहारे अपने अथक परिश्रम व जुनून के बल पर जब हमें गर्वान्वित करने का कार्य किया है तो हमारा भी फ़र्ज़ बनता है कि हम अपनी बेटी अपनी बहन ममता को दो कदम आगे बढ़कर उसका उत्साहवर्धन करें, और यह प्रयास करें कि बुलंदियों तक जाने तक उसे किसी भी तरह की परेशानी न हो। इसी नैतिक जिम्मेवारी का निर्वहन करते हुए श्री साईं मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, सीवान  ने ममता के इस महान प्रयास व प्राप्त उपलब्धि को सम्मान देकर प्रोत्साहित करने के लिए आज यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया है,  ताकि प्रतिभा को सम्मान मिल सके। समाज के सभी प्रबुद्धजनों को आगे आकर ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना चाहिए जिससे कि इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में कोई बाधा उतपन्न न हो। इस मौके पर रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी के निदेशक  संजय पाठक सहित शहर के दर्जनों प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थें।