मारपीट कर दर्जनभर लोगों को किया जख्मी

बदमाशों ने गुमटी में तोड़फोड़ कर लूट ली 20 हजार की सम्पत्ति
गुस्साये लोगों ने कार्रवाई की मांग कर थाना को घेरा
कुमुद रंजन सिंह की रिपोर्ट-
नालन्दा जिले के भागन बिगहा थाना क्षेत्र के बंडोह गांव में ताड़ी पीने वाले युवकों ने जमकर हंगामा किया। दर्जनभर महिलाओं को मारपीट कर जख्मी कर दिया। इतना ही नहीं विरोध करने पर गुमटी में तोड़फोड़ कर 20 हजार की सम्पत्ति लूट ली। घायलों को रहुई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेजा गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव निवासी नवीन कुमार पानी की बोतल लेकर शौच के लिए जा रहा था। उसी दौरान गांव के ही छह बदमाशों ने उसे रोक लिया और ताड़ी लाने के लिए बोतल मांगा। युवक ने विरोध किया तो बदमाशों ने मारपीट कर उसे जख्मी कर दिया। उसे बचाने के लिए पिता मिथलेश रविदास व मां मीना देवी आये तो उनके साथ भी मारपीट की। इतना ही नहीं उसकी मां से चांदी की चेन छीन ली। पास में ही युवक के दादा मिश्री रविदास की गुमटी में तोड़फोड़ की व दस हजार रुपये की संपत्ति लूट ली। बदमाशों ने मारपीट का विरोध कर रही शारदा देवी, संगीता देवी, श्यामफुला देवी, रिंकू देवी सहित कई महिलाओं को भी पीटा। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गया। घटना से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने भागन बिगहा थाना पहुंचकर घेराव कर दिया और कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष सुनील राजवंशी ने बताया कि ग्रामीणों ने लिखित आवेदन दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।