• 26 और 27अगस्त को होने हैं चुनाव

छपरा (सारण)। भारतीय सबलोग पार्टी विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार अधिवक्ता ने हाईकोर्ट में एक रिट याचिका दायर कर बाढ़ और लाकडाउन अवधि में स्थानीय निकायों के चुनाव पर रोक लगाने की मांग की है।

उक्त जानकारी देते हुए पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद सिंह टुन्ना ने कहा कि बाढ़ और कोरोना काल में जनता के समक्ष अभी प्राण रक्षा की अनेकों चुनौतियां हैं।बाढ़ प्रभावित इलाकों की लाखों जनता अपना घर-बाड़ छोड़कर अभी ऊंचे जगहों पर शरणागत हैं।शहरी इलाकों में लोग कोरोना के भय से घरों में कैद हैं।ऐसे में किसी भी प्रकार का चुनाव कराना या भीड़ इकठ्ठा करना वोटरों से भद्दे मजाक के समान है।श्री टुन्ना ने कहा कि भासपा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने इन्हीं सब समस्याओं को हाईकोर्ट में रिट याचिका के माध्यम से रखा है।श्री राजेश ने दायर रिट याचिका में कहा है कि सूबे में स्थानीय निकायों के 23 पदों के विरुद्ध 26 और 27 अगस्त को चुनाव होने हैं।जिसमें जिला परिषद्,प्रमुख-उपप्रमुख, मुखिया-उपमुखिया, सरपंच-उपसरपंच तथा वार्ड सदस्य के खाली पड़े पदों के विरुद्ध चुनाव होने हैं।
याचिकाकर्ता राजेश कुमार का कहना है कि वैसे भी इन खाली पदों पर किसी न किसी को प्रभार दिया गया है,जो काम कर रहे हैं।ऐसे में कौन सी ऐसी जल्दबाजी है जिसके कारण वोटरों की जान जोखिम में डाली जा रही है। जबकि 2021में स्थानीय निकायों के चुनाव होनी ही है।