सीवान के पचरुखी में मानव श्रृंखला की तैयारियां शुरू
✍🏻कुमार विपेंद्र

सीवान : 
पिछले वर्ष शराबबंदी की नीति और इसके प्रति लोगों की जागरूकता के लिए बिहार के करीब चार करोड़ लोगों ने सड़क पर हाथ में हाथ जोड़े खड़े होकर विश्व की सबसे बड़ी मानव श्रृंखला बनाई थी। दहेज कुप्रथा तथा बाल-विवाह के विरूद्ध एक बार फिर आगामी 21 जनवरी को मानव श्रृंखला का निर्माण होना है।
इसी की कड़ी में गुरुवार को सीवान जिला परिवहन पदाधिकारी सह प्रखंड के वरीय प्रभारी पदाधिकारी कृष्ण मोहन शर्मा की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की एक बैठक प्रखंड संसाधन केंद्र पचरुखी में आयोजित की गयी।बैठक को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि समाज में व्याप्त सामाजिक कुरीति के खिलाफ यह मानव श्रृंखला आयोजित होनी है।पिछली बार प्रखंड में 27 किलोमीटर मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया था।इस बार सरकार ने इसे 10 प्रतिशत बढ़ा दिया है।अब पचरुखी में कुल 30 किमी मानव श्रृंखला बनानी है।
अंचल अधिकारी गिन्नीलाल प्रसाद ने रूट की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार हाईकोर्ट के निर्देशानुसार वैकल्पिक रूट के तौर पर एस एच 73 सिवान-सोनहो पथ चालू रहेगा।जबकि एनएच 85 पर पूर्ववत मानव श्रृंखला का निर्माण किया जाएगा।
प्रखंड विकास पदाधिकारी डा•मो•इस्माईल अंसारी ने बताया कि दहेज एक ऐसी सामाजिक कुरीति है जिससे हरेक व्यक्ति प्रभावित है।इसी तरह से बाल-विवाह से अनेक तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।ऐसी कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता लाकर ही समाज से हटाया जा सकता है।
मौके पर बीआरपी श्रीकांत,संकुल समन्वयक राकेश कुमार सिंह, विकास कुमार, राजीव रंजन,रामानंद सिंह,अजय कुमार, दिनेश प्रसाद,सुभाष प्रसाद गुप्ता, प्रधानाध्यापक संजीव कुमार,धर्मेंद्र सिंह, विवेक पटेल,महिला पर्यवेक्षक रीमा कुमारी, शीला कुमारी,बिंदा कुमारी,जीविका दीदी सहित प्रखंड के अनेक अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।