सिवान :राज्य सरकार ने दिया पांच लाख का चेक
#इराक में मृत लोगों के परिजनों को मिला पांच-पांच लाख मुआवजा
परवेज़ अख्तर/सीवान
इराक के मोसुल में आईएस द्वारा मारे गए प्रखंड के दो मजदूरों के परिजनों को बिहार सरकार द्वारा घोषित पांच-पांच लाख रुपये मुआवजे की राशि का चेक शुक्रवार को दिया गया। मृतक विद्याभूषण तिवारी की पत्नी पूनम कुंवर को पांच लाख की राशि का चेक दिया गया। वहीं दूसरे मृतक संतोष कुमार सिंह की माता गुड़िया देवी को पांच लाख की राशि का चेक दिया गया। सीओ अमलेश कुमार ने सहसरांव पहुंच इराक में मारे गए मजदूरों के परिजनों को चेक देने की प्रक्रिया पूरी की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर जीरादेई विधायक रमेश सिंह कुशवाहा ने सहसरांव पहुंचकर इस शोक की घड़ी में संवेदना प्रकट करते हुए शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। कहा कि इस संकट के समय में सरकार आप सभी को मदद करने के लिए तैयार है। बताया कि आंगनबाड़ी में नौकरी के लिए इस पंचायत के वार्ड सात में मृत विद्याभूषण तिवारी की पत्नी पूनम कुंवर का सेविका पद के लिए सीवान डीएम से बात हो चुकी है। जल्द प्रक्रिया पूरी की जायेगी। मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष संगीता देवी, जदयू जिलाध्यक्ष इंद्रदेव सिंह पटेल, प्रखंड प्रमुख मीना देवी, इंस्पेक्टर अरविन्द कुमार, असांव थानाध्यक्ष परशुराम सिंह, कर्मचारी ललन कुमार प्रभात, पूर्व मुखिया काशी चौधरी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष कुंज बिहारी सिंह, ललन यादव, दीनानाथ राम, नीरज सिंह, रंजीत कुमार सिंह, चन्द्रमोहन सिंह, पुरुषोत्तम तिवारी, मुन्ना सिंह थे।
____________________
#परवेज अख्तर /सिवान :इराक में मारे गये जिले के मैरवा के तीन युवकों के परिजनों को राज्य सरकार द्वारा पांच-पांच लाख की राशि उपलब्ध करा दी गयी है। विधायक रमेश सिंह कुशवाहा व सीओ पंकज कुमार ने शुक्रवार को परिजनों को पांच-पांच लाख का चेक दिया। चेक देने गये सीओ पंकज कुमार को मृतक की पत्नी के तमाम सवालों का सामना करना पड़ा। मृतक धर्मेन्द्र की पत्नी रिंकू देवी और अदालत की पत्नी सुगान्ती देवी ने नौकरी दिये जाने की मांग की। इसके बाद सीओं ने इसके लिए वरीय पदाधिकारी से बात करने का आश्वासन दिया। चेक दिये जाने से पूर्व विधायक ने हरपुर में धर्मेन्द्र, गंडक कॉलोनी में सुनील व सिसवां में अदालत के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गयी राशि के बारे में जानकारी देने के साथ ही नौकरी के मुद्दे को उठाने का भरोसा दिया। इस दौरान जद यू के प्रखंड अध्यक्ष मुरली पटेल समेत कई लोग मौजूद थे।
___________




Recent Comments