सिवान में स्वर्ण व्यवसायी से नकद समेत 6 लाख के आभूषण की लूट
#परवेज़ अख्तर/सिवान :

सिवान
जिले के जीबी नगर थाना के सानी बसंतपुर गांव समीप सोमवार की रात हथियार बंद अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी से लूट की घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने व्यवसायी की बहन को पहले बंधक बनाया और उसे जाने से मारने की धमकी देकर स्वर्ण व्यवसायी के पास रखे सारे स्वर्ण आभूषण लूट लिए। अपराधियों ने व्यवसायी से 77 हजार नकद, 233 ग्राम सोना के आभूषण जिसकी कीमत पांच लाख 80 हजार रुपये, 2 किलो चांदी की लूट की। घटना की सूचना गांव वालों को जैसे ही हुई सभी वहां पहुंचे इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी।
सूचना पाते ही थानाध्यक्ष ने इसकी सूचना एसपी और एएसपी को दी जिसके बाद दोनों अधिकारियों ने घटना स्थल पर पहुंच कर इसकी जांच की। वहीं स्वर्ण व्यवसायी के दुकान पर पहुंच कर भी जांच की। इस मामले में तीन अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध थाने में एफआइआर दर्ज की गई है।
घटना के संबंध में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार जीबी नगर थाना के सानी बसंतपुर गांव निवासी सह स्वर्ण व्यवसायी अजय कुमार सोनी सोमवार की देर शाम करीब आठ बजे जगदीशपुर बाजार स्थित अपने स्वर्ण आभूषण की दुकान बंद कर बाइक से अपने चचेरे भाई अमित कुमार सोनी एवं बहन खुशी कुमारी के साथ घर लौट रहे थे। तभी सानी बसंतपुर स्थित शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज समीप पीछे से ओवरटेक कर बिना नंबर के पैशन प्रो. बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उन्हें धक्का मार कर गिरा दिया। इसके बाद अपराधियों ने खुशी को अपने कब्जे में लेकर
उसपर हथियार तान दिया और जाने से मारने की धमकी देते हुए सभी आभूषण और नकद की मांग की। बहन को अपराधियों के कब्जे में देख अजय कुमार ने आभूषण से भरे बैग और नकद को अपराधियों को दे दिया। रुपये और जेवरात मिलते ही अपराधी बाइक पर सवार होकर संग्रामपुर गांव की तरफ भाग निकले। इस घटना में अजय कुमार के सिर और खुशी कुमारी के शरीर में भी कुछ चोट आई है। इधर सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसपी नवीन चंद्र झा और एएसपी कार्तिकेय शर्मा ने जांच की। इसके बाद अधिकारियों अजय के दुकान की भी पहुंच कर वहां भी जांच की। वहीं इस मामले में खुशी कुमारी से पुलिस ने मंगलवार को पूछताछ की। इधर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। घायलों के अनुसार सभी अपराधी 20-25 वर्ष के थे।
कहते हैं अधिकारी
मामले में घायलों से पूछताछ की गई है। जिस युवती को बंधक बनाया गया था उसकी स्थिति कल पूछताछ के लिए ठीक नहीं थी। उससे मंगलवार को पूछताछ हुई। व्यवसायी के दुकान को देखा गया। दुकान देखकर ऐसा नहीं लगा कि इतने आभूषण की लूट हुई होगी। एफआइआर दर्ज कर ली गई है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कार्तिकेय शर्मा
एएसपी, सिवान