सिवान :पुत्र की हत्या मामले में यूपी पुलिस ने पिता को किया गिरफ्तार
#मां की भी गिरफ्तारी को ले की छापेमारी
यूपी में भलुई गांव के 2 लोगों का मिला शव
#परवेज अख्तर

सिवान
यूपी के कुशीनगर जिले की पुलिस ने हत्या से जुड़े मामले में जामो थानाक्षेत्र के भलुई गांव से मृतक के पिता को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मां की भी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की। घटना के बाबत मिली जानकारी के अनुसार भलुई गांव के रुस्तम मियां के दो बेटों में बड़ा बेटा 30 वर्षीय मो.रफी पहले विदेश रहता था। इस दौरान वह काफी पैसे कमाया। घर बनने के साथ ही बहन की शादी कराई। बाद में विदेश में ही वह दुर्घटना का शिकार हो गया। कोमा में रहने के बाद वह फिर कंपनी में काम करने लगा। हालांकि दुर्घटना से वह बोलने में असमर्थ हो गया। वह अपनी बातों को कागज पर लिख देता था। ग्रामीणों के अनुसार वह कागज पर शादी की बात लिखता था। बाद में विदेश की कंपनी ने उसे घर वापस भेज दिया। कंपनी उसे हर माह एक निश्चित पैसे भी भेजती थी। उसके मोबाइल पर मैसेज आता था। लेकिन घर वाले पैसा अपने पास रख लेते थे। ग्रामीणों के अनुसार कई बार परिजनों ने मो.रफी के मौत की साजिश रची। लेकिन सफलता नहीं मिली। इधर फिर कलयुगी मां-बाप ने एक अन्य ग्रामीण नसरे आलम के साथ हत्या की साजिश रची। मो.रफी को दिखाने के बहाने यूपी लेकर गए। यूपी की पुलिस के अनुसार मो.रफी व नसरे आलम का शव मिला। रफी के गर्दन पर काले धब्बे दिखे। जिससे लगा कि उसकी हत्या गला दबाकर की गई है। वहीं नसरे आलम के शव के मुंह पर झाग दिखा। संभावना जताई जा रही है कि तीनों ने पहले रफी को मार डाला। बाद में रुस्तम मियां व उसकी पत्नी ने साक्ष्य हटाने के लिए जहर देकर नसरे आलम की भी हत्या कर डाली। यूपी पुलिस की सूचना पर शुक्रवार को जामो थानाध्यक्ष नौसाद आलम ने रुस्तम मियां को गिरफ्तार कर लिया। बाद में पहुंची यूपी के कुशीनगर जिले की पुलिस उसे लेकर चली गई। दोनों मृतकों के शव का शनिवार को पोस्टमार्टम कराया गया। शनिवार देर रात तक गांव पहुंचने की उम्मीद है। क्षेत्र में हर जगह इस घटना की लोग निंदा कर रहे हैं।