
सोनपुर। 30 जुलाई से शुरू हो रहे पवित्र सावन मास को लेकर सोनपुर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सावन में लाखों श्रद्धालु पहलेजा घाट से गंगाजल लेकर बाबा हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने के बाद लगभग 60 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचते हैं। कांवरियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी सगिंधा नेहा, एसडीपीओ सुमित कुमार आर्य, कार्यपालक दंडाधिकारी रामजी पासवान, बीडीओ अरोमा मोदी, सीओ राजकुमार, बीपीआरओ राजेश कुमार, सोनपुर थानाध्यक्ष दिलीप कुमार, पहलेजा थानाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारियों ने पहलेजा घाट एवं कांवरिया पथ का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पहलेजा घाट से लेकर भरपुरा वर्मा चौक तक मार्ग का जायजा लिया और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने का सख्त निर्देश दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का अतिक्रमण कांवरियों के आवागमन में बाधा नहीं बनना चाहिए।
स्थानीय मुखिया अनिल राय को पहलेजा घाट क्षेत्र में साफ-सफाई कराने तथा जगह-जगह क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही पहलेजा घाट से हरिहरनाथ मंदिर तक निचली सड़क पर जिन लोगों द्वारा पानी बहाया जा रहा है, उन्हें तत्काल वैकल्पिक निकासी की व्यवस्था करने को कहा गया।
प्रशासन ने चेतावनी दी कि सड़क पर पानी बहाने या सरकारी आदेश की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।




Recent Comments