
◆
तरैया/छपरा (सारण)। बिहार में आजकल जहरीली शराब से मौत का शिलशिला लगातार जारी है, जहां एक पखवाड़े पूर्व छपरा में जहरीली शराब से लगभग 80 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं एक बार फिर छपरा में जहरीली शराब का मामला सामने आया है। ताजा मामला तरैया थाना क्षेत्र के शाहनेवाजपुर गांव की है। जहां जहरीली शराब पीने से एक युवक की मौत हो गई है। जबकि एक व्यक्ति का गम्भीरावस्था में छपरा में इलाज चल रहा है। मृतक तरैया थाना क्षेत्र के शाहनेवाजपुर गांव का रहने वाला राजेश्वर साह का 24 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार बताया गया है। जबकि गभीरावस्था में घायल व्यक्ति उसका चाचा मनोज साह है। बताया जाता है कि नए साल के उत्सव में फर्स्ट जनवरी के दिन युवक ने गांव में ही कहीं अपने दोस्तों के साथ शराब पी थी, अगले दिन सोमवार को सुबह में उसे आंखों से धुंधला दिखाई देने लगा और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। जिसके बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए रेफरल अस्पताल तरैया में भर्ती कराए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल छपरा में इलाज के दौरान सोमवार की रात्रि में उसकी मौत हो गई। वहीं उसके चाचा मनोज साह की छपरा में किसी निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इधर घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर कोहराम मच गई। मृत युवक का पोस्टमार्टम के बाद शव गांव में पहुचते ही गांव का माहौल गमगीन हो गया। मृतक के पिता राजेश्वर साह, भाई भुटेली, एवं मां, तथा बहन, समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस छापेमारी कर दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बता दें हाल ही के दिनों ज़हरीली शराब से छपरा जिले के मसरख, इसुआपुर, अमनौर, मढ़ौरा, तरैया में लगभग 80 लोगों मौत हो चुकी है। जिसमें तरैया थाना क्षेत्र के छपिया गांव के भी चार लोग शामिल थे। अभी उस जहरीली शराब की आग बुझी भी नहीं कि फिर एक बार जहरीली शराब का तांडव शुरू हो गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही है। लेकिन सवाल यह है कि इतनी मौत के बाद भी जहरीली शराब से मौत का शिलशिला आखिर रुक क्यों नहीं रहा है। आखिर इतनी मौत के बाद भी शराब माफियाओं पर पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही और पुलिस आखिर चुप्पी क्यों साधी रहती है। जब भी किसी की मौत होती है तो प्रशासन के भी कान खड़े हो जाते हैं और कार्रवाई शुरू हो जाती है। लिहाजा ज़हरीली शराब ने फिर से कई लोगों की जिंदगी तबाह करनी शुरू कर दी है।




Recent Comments