◆ भागवतपुर पंचायत के मुखिया के साथ ग्रामीण चिकित्सक ने किया था दुर्व्यवहार

तरैया, सारण। थाना क्षेत्र के नेवारी बाजार पर रविवार की संध्या भागवतपुर पंचायत के मुखिया मुकेश कुमार यादव के साथ एक ग्रामीण चिकित्सक के द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के बाद सोमवार को क्षेत्र भर के गणमान्य लोगों की एक बैठक हुई। बैठक में सामाजिक स्तर पर आरोपित ग्रामीण चिकित्सक रिजवान अहमद ने अपनी गलती स्वीकार कर मुखिया मुकेश कुमार यादव व पूरे समाज से माफी मांगा। मुखिया श्री यादव ने कहा कि उक्त चिकित्सक का व्यवहार माफ करने योग्य नहीं है। फिर भी इनके परिवार व बाल बच्चे के भविष्य को देखते हुए थाना में दिए गए आवेदन को वापस ले रहा हूं। साथ ही चिकित्सक के व्यवहार को देखते हुए उसे क्लिनिक नेवारी बाजार से हटाकर कहीं दूसरे जगह ले जाने की सलाह दी गई जिसको चिकित्सक ने स्वीकार किया। बता दें कि रविवार की संध्या मुखिया मुकेश कुमार यादव उक्त ग्रामीण चिकित्सक को यह समझाने गए थे कि आपका व्यवहार आस पास के ग्रामीण चिकित्सकों के प्रति व जनप्रतिनिधियों के प्रति अच्छा नहीं है। आप बात बात में किसी व्यक्ति को गाली दे देते हैं। एक रोगी से जांच के नाम पर ज्यादा रुपया मांगने पर मुखिया श्री यादव ने उसे तरैया सरकारी अस्पताल में जांच करवाने की सलाह दी थी। जिसपर आरोपी ग्रामीण चिकित्सक रिजवान अहमद ने मुखिया के खिलाफ अनाप सनाप कमेंट किया था। पता चलने पर पूछताछ करने गए मुखिया के साथ उक्त चिकित्सक ने दुर्व्यवहार करते हुए जानलेवा हमला कर दिया था। इसके बाद ग्रामीण व उनके समर्थक उत्तेजित हो गए थे और मुखिया श्री यादव के आवेदन के आलोक में ग्रामीण चिकित्सक को पकड़ कर थाना पर बैठाया गया था। सोमवार को चिकित्सक रिजवान अहमद के परिजनों व शुभचिंतकों के पहल पर नेवारी बाजार में बैठक हुई जिसमें चिकित्सक ने सामाजिक स्तर पर अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगा और मामले को रफा दफा किया गया। मुखिया द्वारा उन्हें माफ कर दिए जाने के बाद लोगों ने मुखिया श्री यादव का आभार व्यक्त किया और कहा कि आपके इस नेक कार्य से चिकित्सक व उसके परिवार को एक नई दिशा मिली है। उनका परिवार परेशान होने से बच गया। मौके पर तरैया मुखिया संघ के अध्यक्ष सुशील कुमार सिंह, सरेया रत्नाकर पंचायत के मुखिया संजीव कुमार सिंह, पचभिण्डा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मो. आजाद उर्फ टनटन, तरैया विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी मिथिलेश यादव, इसुआपुर प्रखंड के महुली पंचायत के मुखिया रंगलाल यादव, उपप्रमुख जगलाल राय, भागवतपुर के मुखिया मुकेश कुमार यादव, सरपंच बिगन राय, डॉ विद्या राय, डॉ रामप्रवेश यादव समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।