सांसद को डॉ मोअज्जम ने भेंट की अपनी पुस्तक

छपरा। महाराजगंज के सांसद व डॉ. प्रभुनाथ सिंह डिग्री कॉलेज, छपरा के शाशी निकाय के सचिव जनार्दन सिंह सिग्रीवाल को जिला के मशहूर शायर डॉ मोअज़्ज़म अज़्म ने अपनी काव्य संग्रह ‘आज़ीन’ भेंट की. सांसद अपने आवास पर कालेज के शिक्षकों व बुद्धिजीवियों के साथ साहित्यिक परिचर्चा व शिष्टाचार मुलाकात में मौजूद थे. उन्होंने कहा कि यह गौरव का विषय है कि हमारे कालेज के उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ अज्म एक साहब-ए-किताब हैं. राष्ट्रीय उर्दू भाषा विकास परिषद दिल्ली के सहयोग से एक साथ देवनागरी और उर्दू में प्रकाशित उनकी पुस्तक उर्दू शायरी से प्रेम करने वाले हिंदी पाठकों के लिए लाभदायक होगी. सांसद ने कहा कि श्री अज्म को हम सभी मंचों और इलेक्ट्रानिक व सोशल मीडिया के माध्यम से सुनते आए थे. अब उनकी रचनाओं को पढ़ कर और अधिक समझने व गुनने का मौका मिलेगा. यह हमारे कालेज ही नहीं सारण जिला के लिए गौरव का विषय है कि डॉ अज्म की पहुंच मुंबई के सीने जगत तक है. उनके चलचित्र में लिखे गए कई नग्मे काफी लोकप्रिय भी हुए हैं. डॉ अज्म ने महान गीतकार साहिर लुधियानवी पर शोध कर पीएचडी की डिग्री प्राप्त की है. दर्जनों फिल्मों के लिए गीत, संवाद और पटकथा लिखने के अलावा, उन्होंने कई एल्बमों में भी काम किया है. उनके गीत उस्ताद राहत फतेह अली खान, रूप कुमार राठौर, मोहित चौहान, उस्ताद गुलाम मुस्तफा, जावेद अली, मनाली ठाकुर, शिल्पा राव आदि जैसे प्रसिद्ध गायकों द्वारा गाए गए हैं. वहीं वे एक कर्तव्यपरायण शिक्षक के रूप में छात्रों में काफी लोकप्रिय हैं. ऐसे बहुमुखी प्रतिभा के धनी लोगों से ही बिहार और सारण शिक्षा, कला और साहित्य में अपना अलग स्थान रखता है. वह हमारे लिए धरोहर हैं. सहकर्मी और नई पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेने की आवश्यकता है. मौके सांसद श्री सिग्रीवाल ने शिक्षकों के लंबित नियुक्ति पत्र प्रदान किए. इस अवसर पर पूर्व विधायक विनय सिंह, प्रो बिनेश सिंह, राकेश कुमार सिंह, संजय सिंह, पाठक अरुण कुमार सुमन, राकेश रंजन, उर्मिला सिंह, उषा कुमारी आदि मौजूद थे.