राजस्थान में जानलेवा गर्मी का कहर, पूर्व में बारिश 
आज़ाद नेब ब्यूरो चीफ़ राजस्थान (8058220365)
जयपुर 9 मई। दोपहर तक आसमान से बरस रहे शोलों के कारण मैदानी इलाकों में गर्मी जानलेवा साबित हो रही है। प्रचण्ड गर्मी के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है और दोपहर से लेकर शाम तक लोग घरों में दुबकने पर विवश हैं।
राजस्थान के कई शहरों में दिन में आग उगल रहे सूर्यदेव के कारण सड़कों पर अघोषित कफ्यू जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में अगले एक-दो दिन और भीषण गर्मी का दौर बना रहेगा। हालांकि इस दौरान बादलों की आवाजाही के साथ प्रदेश के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ राहत की बौछारें गिरने की संभावना है।
धूलभरी  हवाएं चलने से पारे में गिरावट
देश के उत्तरी राज्यों के मौसम तंत्र में बदलाव के चलते प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में छितराई बारिश से गर्मी के तेवर फिलहाल नर्म बने हुए हैं। वहीं दूसरी ओर पश्चिमी मैदानी इलाकों में पारा 45 डिग्री व उससे ज्यादा रहने पर लू का दौर चल रहा है। सूर्योदय के साथ शुरू हुई गर्मी का असर दोपहर बाद तक बना हुआ है।  हालांकि दोपहर बाद धूलभरी  हवाएं बहने पर पारे में गिरावट से गर्मी से आंशिक राहत मिल रही है।
बादलों की रहेगी आवाजाही
बीते चौबीस घंटे में गुलाबीनगर समेत अजमेर और पिलानी में हल्की बारिश हुई। जयपुर में बीती शाम गिरी राहत की बौछारों से रात में मौसम पलटा और न्यूनतम तापमान में पारा 1.6 डिग्री गिरकर 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीती शाम हुई बारिश का असर आज सुबह मौसम पर पड़ा और सुबह बादलों की आवाजाही के साथ करीब दस किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बही दक्षिण-पश्चिमी हवा से नमी बढऩे पर हल्की ठंडक महसूस हुई।
शहर में आज सुबह नौ बजे दिन का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में अगले चौबीस घंटे मेें आंशिक रूप से बादल छाए रहने व धूलभरी हवा के साथ हल्की बौछारें गिरने की संभावना है।