प्रशासन की अपील- सावधानी बरते और अफवाहों से बचे

सारण तटबंध का टूटा दृश्य

पानापुर (सारण)। गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच पानापुर प्रखंड के सरौजा भगवानपुर गांव के समीप सारण मुख्य तटबंध टूट गया। तटबंध टूटते ही पानी तेज गति से निचले इलाकों की ओर फैलने लगा, जिससे पानापुर समेत तरैया क्षेत्र में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

घटना के बाद आसपास के गांवों में अफरातफरी का माहौल है।स्थानीय लोगों के अनुसार सातजोड़ा के समीप तटबंध टूटने के बाद पानी तेजी से गांवों और खेतों की ओर बढ़ रहा है। कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं। लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
तटबंध टूटने की सूचना के बाद प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव की तैयारी की जा रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से सतर्क रहने और खतरा बढ़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों से गंडक नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण पानापुर क्षेत्र के विभिन्न तटबंधों पर दबाव और रिसाव की सूचना मिल रही थी।