सड़क दुर्घटना में एक बच्चे की मौत, साइकिल सवार मजदूर जख्मी

तरैया(सारण)। थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क दुर्घटना में एक बच्चे की मृत्यु हो गई जबकि दूसरा साइकिल सवार मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जानकारी के अनुसार चंचलिया गांव में ट्रैक्टर की ठोकर से एक 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक उक्त गांव निवासी व मैकडोनाल्ड उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक धीरज कुमार सिंह के 8 वर्षीय पुत्र काजू बाबू बताया जाता है। घर के समीप बच्चा खेल रहा था तभी ट्रैक्टर से ठोकर लग गया और घटनास्थल पर ही उस बच्चे की मौत हो गई। ग्रामीण ट्रैक्टर चालक को पकड़ पुलिस के हवाले कर दिए। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। वहीं तरैया अमनौर मुख्य सड़क पर शाहनेवाजपुर गांव में रविवार को साइकिल सवार एक मजदूर को फारच्यूनर कार ने बुरी तरह कुचल दिया जिससे साइकिल सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी व्यक्ति मुरलीपुर गांव निवासी धर्मदेव सहनी का 40 वर्षीय पुत्र छोटे लाल सहनी बताया जाता है। बुरी तरह से जख्मी साइकिल सवार का इलाज तरैया रेफरल अस्पताल में हुआ। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जख्मी मजदूर को गंभीर अवस्था में पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। इधर घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हैं।