सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान को लेकर मीडिया कार्यशाला का हुआ आयोजन, 6 जनवरी से चलेगा अभियान

· जिले छह प्रखंडों में चलेगा सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान

· टीम का हुआ गठन, जिलास्‍तर पर होगी मॉनिटरिंग

छपरा/ 4 जनवरी । सघन मिशन इंद्रधनुष 2.0 अभियान को लेकर जिला प्रतिरक्षण कार्यालय में शनिवार को मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ माधवेश्‍वर झा ने कहा जिले के छह प्रखंडों में 6 जनवरी से सघन मिशन इंद्रधनुष 2.0 अभियान सेकेंड राउंड की शुरूआत की जायेगी। इसके तहत नियमित टीकाकरण से वंचित बच्चों एवं गर्भवती माताओं को प्रतिरक्षित किया जायेगा। इसको लेकर विभाग की ओर से तैयारी पूरी कर ली गयी है। अभियान के सफल क्रियान्‍वयन के लिए व्‍यापक स्‍तर पर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्‍होने बताया कि 1954 बच्‍चे 248 गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण के लिए चिन्हित किया गया है। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अजय कुमार शर्मा, निवर्तमान डीआईओ डॉ वीके चौधरी, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. रंजितेष कुमार, यूनिसेफ के एसएमसी आरती त्रिपाठी, सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च के स्टेट सहायक रंजीत कुमार, सरिता मलिक, गनपत आर्यन समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।

जिले में 225 साइट पर होगा टीकाकरण:

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अजय कुमार शर्मा ने बताया सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 2.0 का दूसरा चरण जिले के 6 प्रखंडों में चलाया जाएगा। इसके लिए इन प्रखंडों में कुल 225 साइट का चयन किया गया है। जहां पर अभियान चलाकर महिलाओं व बच्चों प्रतिरक्षित किया जायेगा। अभियान की सफलता के लिए चिन्हित प्रखण्डों ने सूक्ष्म कार्ययोजना बना ली है।

टीम का हुआ गठन:

अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारी पूरी कर ली गयी है। इसके लिए छह प्रखंडों में 96 एएनएम को कार्य पर लगाया गया है। इसकी मॉनिटिरिंग के लिए प्रखंडस्तर से लेकर जिलास्तर पर टीम बनायी गयी है।अभियान के दौरान टीम फिल्ड विजिट कर निरीक्षण भी करेगी।

जिले के छह प्रखंडों में चलेगा अभियान:

जिले के छह ऐसे प्रखंडों को चिन्हित किया गया है जहां पर टीकाकरण का लक्ष्य 80 प्रतिशत से कम है। जिसमें परसा, लहलादपुर, पानापुर, मढौरा, मांझी, मशरख को शामिल किया गया है। जहां पर सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान चलाया जायेगा।

ईंट भट्ठे को किया गया चिन्हित:

सिविल सर्जन ने कहा ईंट भट्ठे पर काम करने वाली महिलाओं व उनके बच्चों को भी प्रतिरक्षित किया जायेग। इसके लिए ईंट भट्ठा संचालको से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की गई है।

निकाली गई जागरूकता रैली:
सदर अस्पताल के ओपीडी परिसर से एएनएम स्कूल के छात्रों ने सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। सिविल सर्जन ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। छात्राओं ने रैली के माध्यम से लोगों को टीकाकरण के प्रति लोगो को जागरूक किया।

टिकाकरण के पश्चात क्या करें:

•टीकाकरण के बाद 30 मिनट तक टीकाकरण स्थल पर बैठे।
• एएनएम द्वारा दिये गए टीका व किस बीमारी से बचाव हेतु लगाया गया है उसकी जानकारी प्राप्त करें।
• अपने बच्चे की अगले टीकाकरण की जानकारी भी अवश्य लें।

•टीकाकरण के बाद बच्चे को दर्द बुखार या अन्य लक्षण है तो तुरंत अपने क्षेत्र के आशा व एएनएम से संपर्क करें।

•टीकाकरण कार्ड हमेशा संभालकर रखें। ये आपकी बच्चे के स्वास्थ्य संबधित जानकारी के लिए जरूरी है।