तरैया (सारण)। थाना क्षेत्र के तरैया-मढ़ौरा एसएच-73 मुख्य सड़क पर डेवढ़ी गांव में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को एक यात्री बस ने ठोकर मार दी। जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक का गंभीरावस्था में इलाज चल रहा है। मृतक इसुआपुर थाना क्षेत्र के सहवा गांव निवासी सखन राय का पुत्र गुड्डू कुमार बताया गया हैं। जबकि घायल युवक गोंहा गांव निवासी हरेंद्र राय का पुत्र नीरा कुमार हैं। जानकारी के अनुसार, तरैया की तरफ से आ रही एक बस ने तेज रफ्तार में बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। बाइक और बस की टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल दोनों युवकों को मढ़ौरा सरकारी अस्पताल पहुचाया गया। जहां गुड्डू की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। छपरा ले जाने के दौरान गुड्डू की रास्ते में ही मौत हो गई। जबकि नीरा कुमार की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। परिजनों ने बताया कि गुड्डू कुमार गुरुवार की रात्रि में अपने ममेरे भाई की बारात में शामिल होने भटौरा गांव गया हुआ था। जहां से शुक्रवार सुबह वह अपने साथी नीरा कुमार के साथ पेट्रोल लेने मढ़ौरा जा रहा था, तभी डेवढ़ी के पास दुर्घटना का शिकार हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दी। इधर घटना के बाद मृतक के घर कोहराम मचा हुआ है। घटना को लेकर मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।