
नितेश कुमार सिंह।
मांझी (सारण)। मांझी। मांझी थाना क्षेत्र के गोढा गांव निवासी अशोक ठाकुर के पुत्र व मांझी नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 के पार्षद राजा बाबू ठाकुर की बेहतर इलाज हेतु छपरा ले जाने के क्रम में रास्ते में ही मौत हो गई। जबकि गम्भीर रूप से जख्मी मृतक के चचेरे भाई एवम तारकेश्वर ठाकुर के पुत्र मुकेश ठाकुर तथा अशोक ठाकुर के पुत्र रितेश ठाकुर को अपराधियों ने चाकू गोदकर गम्भीर रूप से जख्मी कर दिया। उन दोनों का इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है। इससे पहले शुक्रवार की शाम को तिलकोत्सव की तैयारी को अंतिम रूप देने में लगे मृतक समेत अन्य परिजनों के साथ देर शाम करीब नौ बजे पड़ोसियों से किसी पुरानी रंजिश को लेकर जमकर मारपीट हुई। जिसमें चाकू लगने से एक पक्ष के ही तीन लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। जिन्हें ग्रामीणों द्वारा लादकर मांझी सीएचसी में उपचार के लिए लाया गया। हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु तीनों को एम्बुलेन्स से छपरा सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रात के लगभग साढ़े ग्यारह बजे बीच रास्ते में ही वार्ड पार्षद ने दम तोड़ दिया। रात में ही सोशल मीडिया पर वार्ड पार्षद के मौत की खबर वायरल होने के बाद आसपास के इलाके में दहशत तथा सनसनी फैल गई और परिजनों के रुदन क्रंदन से विवाहोत्सव का माहौल मातम में तब्दील हो गया। बताते चलें कि मृतक व वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर का शनिवार को ही तिलकोत्सव की तिथि पहले से निर्धारित थी तथा रसुलपुर थाना क्षेत्र के अतरसन गांव से तिलक चढ़ाने रिश्तेदार आने वाले थे। तिलकोत्सव को लेकर उनके दरवाजे पर टेन्ट व पंडाल आदि तैयार किया जा चुका था। घर के आंगन में महिलाओं द्वारा लाउडस्पीकर से मंगलगान प्रसारित किया जा रहा था। मृतक के अनेक रिश्तेदार आदि भी उनके घर पर पहुंच चुके थे। हलवाइयों द्वारा भोज की सामग्री भी तैयार की जा रही थी तभी कथित तौर पर नशे में धुत्त पड़ोसियों ने गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और एक पक्ष के लोग बुरी तरह जख्मी होकर गिर पड़े जिन्हें ग्रामीणों व रिश्तेदारों ने अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना पाकर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने तत्काल आरोपियों के घर पर छापेमारी तथा धर पकड़ शुरू कर दी। छापेमारी के दौरान पुलिस द्वारा पूछताछ के उद्देश्य से चार लोगों को हिरासत में भी लिए जाने की खबर है। साथ ही इलाके में कानून ब्यवस्था बनाये रखने के लिए छपरा पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल को भी बुला कर घटनास्थल के इर्द गिर्द तैनात कर दिया गया है। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक अपने तीन भाईयों में सबसे बड़ा तथा तीन बहनों में तीसरे नम्बर पर था। घटना की गम्भीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे सारण के एसएसपी विनीत कुमार ने परिजनों से बातचीत के बाद बताया कि घटना के शीघ्र उद्भेदन के लिए जिला प्रशासन द्वारा एसआईटी का गठन कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि एफएसएल की टीम घटनास्थल पर गिरे खून के धब्बे को एकत्र कर उसकी फॉरेंसिक जांच करेगी। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि हत्यारों को किसी भी कीमत पर बख्शा नही जाएगा। परिजनों ने एसएसपी से बातचीत के दौरान हत्यारों पर शराब की तस्करी करने का भी आरोप लगाया तथा समीप के विद्यालय परिसर को नशेड़ियों का अड्डा बताते हुए उनके खिलाफ समुचित कार्रवाई की मांग की। मौके पर एसडीपीओ राज कुमार तथा थानाध्यक्ष बिनोद कुमार समेत कई अन्य लोग भी मौजूद थे।
उधर मांझी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि बिट्टू राय ने आरोप लगाया है कि उनके एक राजनीतिक विरोधी द्वारा एक सुनियोजित साजिश के तहत वार्ड पार्षद हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।मौके पर मौजूद मृतक के चाचा अनिल ठाकुर ने बताया कि घटना के दो दिनों पूर्व आरोपियों ने तिलक से पूर्व बड़ी घटना को अंजाम देने की कथित तौर पर धमकी भी दी थी।
शव दरवाजे पर पहुंचते मचा चीख पुकार
इधर शनिवार को मृतक का शव उनके दरवाजे पर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इस दौरान महिलाएं बार बार बेहोश हो जा रही थीं जिन्हें लोग पानी के छीटें मारकर होश में ला रहे थे। महिलाएँ हत्यारों को फांसी की सजा दिलाने की मांग कर रही थीं। परिजनों ने बताया कि मृतक तीन भाइयों में बड़ा तथा दो बहनों से छोटा था। वह नौकरी में बहाली की भी तैयारी कर रहा था।
बाद में मांझी श्मसान घाट पर दाह संस्कार हेतु निकली शवयात्रा में मुख्य पार्षद प्रतिनिधि बिट्टू राय के अलावा सभी वार्ड पार्षद तथा सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण आदि शामिल हुए। शव यात्रा में शामिल लोगों में विधायक प्रतिनिधि उमाशंकर ओझा, उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि कृष्णा सिंह पहलवान, लोजपा नेता मुन्ना सिंह, पूर्व मुखिया नवरत्न प्रसाद, पूर्व सरपंच मनोज प्रसाद, मयंक ओझा तथा नागेन्द्र ठाकुर समेत अनेक गणमान्य शामिल थे। उधर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल में एडमिट मृतक के दोनों चचेरे भाई के मांझी श्मसान घाट पर पहुंचते ही उनके रुदन क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया तथा घाट पर उपस्थित सबकी आंखें नम हो गईं। मुखाग्नि मृतक के पिता अशोक ठाकुर ने दी।
हत्या मामले में एफआईआर दर्ज
पार्षद राजा बाबू ठाकुर की हत्या के मामले में मृतक के पिता अशोक ठाकुर के लिखित बयान पर मांझी थाना में एक प्राथमिकी दर्ज करा दी गई हैं। दर्ज प्राथमिकी में यह कहा गया है कि मारपीट की घटना को राजनीतिक कारणों से अंजाम दिया गया है। आवेदन में यह कहा गया है कि मांझी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद की राजनीति में शामिल एक सम्भावित प्रत्याशी के समर्थकों ने दो दिन पहले ही कथित तौर पर मारपीट करने तथा हत्या करने तक की धमकी दे रखी थी। तथा मारपीट के बाद उक्त नेता को फोन करके यह कहते सुना गया कि हमने अपना काम कर दिया। आवेदन में कुल बारह लोगों को नामजद किया गया है। इस संबंध मे थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया की पुलिस मामले की हर पहलु पर बारीकी से जांच कर रही है।




Recent Comments