रूस और ईरान को एक दूसरे से दूर करने की अमीरात की कोशिश
खबरें देश विदेश ः अब्दुल मुत्तलिब रज़ा 
संयुक्त अरब अमीरात ने जारी वर्ष के आरंभ में अमरीका के निर्वाचित राष्ट्रपति और रूस के राष्ट्रपति के प्रतिनिधियों के बीच एक मुलाक़ात करवाई ताकि वाॅशिंग्टन और माॅस्को के संबंध बहाल हो जाएं और माॅस्को व तेहरान के संबंधों को सीमित किया जा सके।
अमरीकी, यूरोपीय व अरब अधिकारियों ने वाॅशिंग्टन पोस्ट को बताया कि यह गोपनीय बैठक संयुक्त अरब इमारात की मध्यस्थता से डोनल्ड ट्रम्प के शपथ ग्रहण समारोह से कुछ दिन पहले सीशेल्ज़ द्वीप में आयोजित हुई और इसमें रूस को इस बात के लिए तैयार करने की कोशिश की गई कि वह ईरान के साथ अपने संबंधों को कम कर ले। इन अधिकारियों ने अपना नाम प्रकट न करने की शर्त पर बताया कि अबू ज़हबी के युवराज शैख़ मुहम्मद बिन ज़ाएद अन्नहयान ने इसी सिलसिले में गत दिसम्बर में न्यूयार्क की गुप्त यात्रा की थी। इस यात्रा में उन्होंने ट्रम्प के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल फ़्लीन, ट्रम्प के दामाद जार्ड कूश्नर और वाइट मुख्य रणनीतिकार स्टीव बैनन से बात की थी। ज़ाएद और उनके भाई ने, जो संयुक्त अरब इमारात के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हैं, ईरान के संबंध तोड़ने पर रूस को तैयार करने के मार्गों की समीक्षा की था।
 
कहा जाता है कि ज़ाएद ने पिछले साल दो बार रूस के राष्ट्रपति विलादिमीर पुतीन से मुलाक़ात की थी और उनसे आग्रह किया था कि वे संयुक्त अरब इमारात और सऊदी अरब से अधिक निकट सहयोग करें और ईरान से अपने संबंध सीमित करें। टीकाकारों का कहना है कि अमरीका व संयुक्त अरब इमारात को विदित रूप से क्षेत्र में ईरान के बढ़ते प्रभाव से चिंतित हैं।