रिटायर्ड आईएएस अफसर ने कोठी परिसर में दफनाया पत्नी को, लोग नाराज
तासीम अहमद 
गाजियाबाद 5 जून। इंदिरापुरम स्थित शक्ति खंड- दो जैसी पॉश कॉलोनी में रविवार को एक सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी की अजीबोगरीब हरकत से लोग दंग रह गए। अपने सेवाकाल में भी चर्चा में रहे सेवानिवृत्त आइएएस तुलसी गौड़ ने अपनी कोठी के खाली हिस्से में पत्नी को दफना दिया। यह खबर सुनते ही कालोनी के लोगों ने हंगामा कर दिया।
 मौके पर पहुंचीं एडीएम सिटी प्रीति जायसवाल के सामने वह तर्क देते रहे कि पत्नी की इच्छानुसार उन्होंने कोठी के खाली हिस्से में दफन किया है। हंगामा कर रहे लोगों का कहना था कि नियमानुसार कोई भी व्यक्ति अपनी जमीन में भी रिहायशी इलाके में शव को दफन नहीं कर सकता। तकरीबन तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा, लेकिन एडीएम सिटी ने यह कहकर एक तरह से सेवानिवृत्त आइएएस का पक्ष लिया कि उन्होंने कानून का उल्लंघन नहीं किया है। लोगों के गुस्से को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
 लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि प्रशासन मामले में पक्षपात कर रहा है। शक्ति खंड- दो ई -170 नंबर कोठी में सेवानिवृत्त आइएएस अफसर तुलसी गौड़ परिवार के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी शीला गौड़ (66) की दो दिन पहले बीमारी से मौत हो गई थी। रविवार को परिवार के लोगों के विदेश से आने के बाद उन्होंने अपराह्न तीन बजे पत्नी के शव को कोठी के खाली स्थान में दफना दिया। इस पर आसपास कॉलोनी के लोगों ने हंगामा किया। एडीएम सिटी ने कहा कि तुलसी गौड़ का कहना है कि लोगों को यदि शिकायत है तो वे कोर्ट जाएं और कोर्ट में वह लोगों का जवाब देंगे।