नकदी सहित लाखों के सामान जलकर खाक।

पानापुर (सारण) थाना क्षेत्र के रामपुररूद्र गांव में शुक्रवार की शाम गैस सिलिंडर में लिकेज के कारण आग लग गयी. अगलगी की इस घटना में लाखों के सामान जलकर राख हो गये. बताया जाता है कि रामपुररूद्र गांव निवासी श्यामबाबू महतो के घर की महिलाएं शुक्रवार की शाम खाना बना रही थी. इसी दौरान गैस सिलिंडर लिकेज होने के कारण आग लग गयी एवं देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया. घर के सदस्यों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचायी. आग की विभीषिका इतनी न तेज थी कि पास जाने की किसी की हिम्मत नहीं हो रही थी. इस बीच सूचना पाकर स्थानीय थाने से फायरब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची एवं घंटों मशक्क़त के बाद आग पर काबू पाया. अगलगी की इस घटना में श्यामबाबू महतो एवं वीरेंद्र महतो के घर में रखे नकदी सहित बक्से में रखे गहने, कपड़े अनाज सहित लाखों रूपये मूल्य के सामान जलकर खाक हो गये. वही उनके भाइयों हरेसर महतो, राजेश महतो एवं उपेंद्र महतो को आंशिक नुकसान हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही शनिवार को  मुखियाजी प्रतिनिधि वकील राय घटनास्थल पर पहुंचे एवं पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद की वही भोजन की व्यवस्था करायी. उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसम्भव मदद का आश्वासन दिया. वही पूर्व जिलापार्षद प्रतिनिधि अभिषेक रंजन सिंह उर्फ मुनचुन सिंह ने पीड़ित परिवारों को एक बोरा चावल, आटा, आलू, तिरपाल सहित अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया. अगलगी में अपना सबकुछ गंवा चुके परिवार फिलहाल सारण तटबंध पर शरण लेने को मजबूर हैं.