
मांझी(सारण)। रविवार को मांझी के प्रसिद्ध राम घाट पर नदी में नहाने के दौरान एक युवक डूब गया। चांद महम्मद 20 वर्ष नामक डूबा युवक सीतामढ़ी का रहने वाला बताया जाता है। लगभग छह माह से वह अपने बहनोई मनोज यादव उर्फ बाड़ी के साथ मांझी चट्टी के समीप रहकर सब्जी का दुकान चलाता था। घटना के सम्बंध में प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि भीषण गर्मी से ऊबकर लगभग एक दर्जन लोग दोपहर में नदी में नहा रहे थे अन्य लोगों को नहाते देख चांद महम्मद भी नदी में कूद पड़ा। सब लोग उछल उछल कर नहा रहे थे इस बीच अचानक चांद महम्मद नदी के चक्राकार धारा के चपेट में आ गया। लोगों ने उसे बचाने की भरपूर कोशिश भी की परन्तु उसे बचाया नही जा सका। बाद में सीओ दिलीप कुमार के निर्देश पर समाजसेवी कृष्णा सिंह पहलवान के नेतृत्व में गोताखोरों ने नाव व जाल के सहारे शव की खोजबीन शुरू की। मौके पर मांझी थाना पुलिस भी मौजूद थी। हालांकि देर शाम तक शव बरामद नही किया जा सका था। सूचना पाकर राम घाट पर भारी भीड़ जमा हो गई।
तीस अप्रैल को भी इसी घाट पर रिविलगंज थाना क्षेत्र के सिरिसियां गांव निवासी दिलीप सिंह के पुत्र व इंजीनियरिंग के छात्र दीपक कुमार की डूब कर मौत हो गई थी। एक मई को उसका उपलता शव राम घाट से ही बरामद हुआ था।




Recent Comments