दैनिक खोज खबर/मशरक (सारण)। प्रोन्नति प्राप्त डीआईजी सह वरीय एसपी डॉ कुमार आशीष ने बताया कि मशरख थाना अंतर्गत रामजानकी शिव मंदिर मे चोरी की घटना की सूचना मंदिर के सफाईकर्मी द्वारा प्रातः लगभग 03:00 बजे थाना को दी गई। सूचना के आलोक में मशरक थाना पुलिस टीम द्वारा तत्काल जांच प्रारंभ की गई। उन्होंने स्वयं एसपी ग्रामीण संजय कुमार और डीएसपी संजय कुमार सुधांशु के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया तथा घटना के त्वरित उद्भेदन, चोरी किये गए सामान की बरामदगी एवं अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। बगल के सीसीटीवी में चार चार संदिग्ध व्यक्तियों को घटनास्थल के आसपास देखा गया है। डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया है तथा तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। जांच पूर्ण होने के उपरांत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रात्रि गश्ती दल के स.अ.नि. जितेन्द्र चौधरी को गश्ती और चेकिंग कार्य में लापरवाही बरतने के लिए तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है एवं अन्य दोषी एवं लापरवाह अधिकारियों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।