युवक को गोली मारने की पुलिस कर रही जांच
परवेज अख्तर/सीवान.
सीवान.नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर ढाला के समीप बाइक पर सवार नकाबपोश अपराधियों ने बुधवार की रात्रि करीब 9:00 बजे एक 22 वर्षीय युवक को गोली मार गंभीर रूप से घायल कर दिया था. आनन-फानन में परिजनों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया था. जहां उसका इलाज चल रहा है. घायल युवक बंटी आलम है जो नगर थाने के लक्ष्मीपुर निवासी खुर्शीद आलम का पुत्र है. घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि शहर के दरबार सिनेमा के समीप अंडे की दुकान से काम करके घर लौट रहा था. इसी क्रम में सिसवन रेलवे क्रॉसिंग के समीप जेडए इस्लामिया कॉलेज वाले रोड में प्रवेश करते ही बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने गोली मार दिया. जान बचाने के लिए बंटी आलम ने अपराधियों पर एक ईंट का टुकड़ा उठा कर फेंका. इसके बाद अपराधी दूसरी बार फायरिंग नहीं कर सके व फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ जितेंद्र कुमार पांडे सदर अस्पताल पहुंचे तथा घायल युवक से पूछताछ किया. घायल युवक ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर उस पर हमला किया गया है. डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच कर दिया है. इधर परिजन भी अभी कुछ बता नहीं रहे है. फिलहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच में जुटी हुयी है.
———–




Recent Comments