मढ़ौरा(सारण )। थाना क्षेत्र के बैधापुर में एक बीस वर्षीय युवक का शव घर से थोड़ी दूर से बरामद हुआ। शव के मिलने के बाद परिजन और गांव वालों में हड़कंप मच गया । युवक त्रिभुवन मांझी का पुत्र प्रभात मांझी उर्फ भोला मांझी बताया गया है। मिली जानकारी के अनुसार भोला मांझी बीती रात अपने घर से थोड़ी दूर स्थित दलान में अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर मछली पार्टी कर रहा था। इसकी जानकारी घर के लोगों को भी थी। दलान पर रहने और सोने की व्यवस्था थी इससे घर वाले निश्चिंत थे कि भोला रात्रि में पार्टी के बाद वही सो जाएगा। सुबह में दलान से थोड़ी दूर पर ग्रामीणों ने भोला मांझी को जंगल झाड़ी वाले खेत में गिरा हुआ देखा। उसके गले में मफलर कसा हुआ था। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी भोला मांझी के परिजनों को दी। सूचना पर आनन फानन में जब परिजन मौके पर पहुंचे तो भोला मांझी मृत पड़ा हुआ था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी। शव के गले पर गहरा निशान बताया गया है। ऐसी आशंका है कि गला दबाकर भोला मांझी की हत्या की गई है। बाद में शव को दलान के पीछे खेत में छोड़ आरोपी फरार हो गए है। थानाध्यक्ष बीपी आलोक ने बताया कि पुलिस ने अपनी तहकीकात शुरु कर दी है। कहा कि फिलहाल हत्या गला दबा कर करने की बात सामने आई है वैसे पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्रतिक्षा है ।